दिल्ली के नबी करीम में LPG सिलेंडर में लगी आग, चार लोग झुलसे

सुरक्षा में चूक पड़ी भारी, सिलेंडर बदलते वक्त आग लगने से चार घायल

Sarvesh Kumar Picture
Published On

नई दिल्ली (एजेंसी)। Delhi LPG Cylinder Fire: राजधानी दिल्ली के नबी करीम इलाके में स्थित घर में गुरुवार सुबह एलपीजी सिलेंडर में आग लग जाने से चार लोग झुलस गए। सभी घायलों को तुरंत राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 9:29 बजे पुलिस कंट्रोल रूम को अमरपुरी, नबी करीम स्थित हाउस नंबर ए-88 से सिलेंडर में आग लगने की सूचना मिली। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घटना एक छोटे से 4×6 फीट के कमरे में हुई, जहां सरिता चाय, दाल-चावल और साधारण भोजन बनाकर बेचने का काम करती थीं।

पुलिस जांच में पता चला कि सरिता के कहने पर कृष्णा नामक व्यक्ति पुराना एलपीजी सिलेंडर बदल रहा था। रेगुलेटर खोलते समय अचानक गैस लीक हो गई और उसमें आग लग गई। इस दौरान आग तेजी से फैल गई।

इस घटना में कुल चार लोग घायल हुए। इनमें सरिता (35) , कृष्णा (37) और चाय पीने के लिए वहां मौजूद अजय (19) और जाफिर (35) नामक राहगीर शामिल हैं। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने उन्हें वहां से निकाला और आरएमएल अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना एलपीजी सिलेंडर बदलते समय सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हो सकती है। रेगुलेटर खोलने से पहले मुख्य वाल्व बंद न करने या गैस लीक होने पर तुरंत सावधानी न बरतने से यह हादसा हुआ।

नबी करीम इलाका घनी आबादी वाला है और यहां छोटे-छोटे खाने-पीने के ठेले और ढाबे आम हैं। ऐसे में एलपीजी सिलेंडरों का इस्तेमाल काफी होता है। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा को लेकर अभी भी लापरवाही बरती जा रही है।

नबी करीम पुलिस स्टेशन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सिलेंडर बदलते समय हमेशा सुरक्षा मानकों का पालन करें।

cylinder-blast
सांकेतिक फोटो

About The Author

Related Posts