Punjab
46 लाख रुपए की जमीन खरीद में धोखाधड़ी
फर्जी महिला को असली मालिक बताकर कराया विक्रय पत्र, ग्राम पंचायत प्रशासक ने दर्ज कराया मामला
हनुमानगढ़। गुरुसर ग्राम पंचायत के प्रशासक (सरपंच) रामेश्वरलाल मेघवाल ने 46 लाख रुपए की जमीन खरीद में धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए जंक्शन पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार चक 10 एसएसडब्ल्यू बी, ग्राम पंचायत गुरुसर निवासी 63 वर्षीय रामेश्वरलाल पुत्र डूंगरराम मेघवाल ने रिपोर्ट दी कि सितम्बर 2025 में फाजिल्का निवासी सुशील कुमार पुत्र भगवानदास रेगर ने उनसे संपर्क कर बताया कि उसकी मौसी निर्मला देवी के नाम चक 19 एचएमएच में 5 बीघा कृषि भूमि है, जिसे वह बेचना चाहती है। Hanumangarh News
रिपोर्ट में बताया गया कि 46 लाख रुपए में भूमि का सौदा तय हुआ। 18 सितम्बर 2025 को सुशील कुमार एक महिला को अपने साथ लेकर आया और उसे निर्मला देवी पुत्री चोथूराम बताते हुए आधार कार्ड भी दिखाया। आरोप है कि सुशील कुमार ने कहा कि उसकी मौसी अनपढ़ है, इसलिए भुगतान उसके बैंक खाते में किया जाए। इसके बाद खरीदार ने आरटीजीएस और चेक के माध्यम से भुगतान कर दिया तथा डीएलसी दर के अनुसार विक्रय पत्र पंजीकृत करा लिया।
परिवादी के अनुसार बाद में उसने भूमि का इंतकाल और खाता विभाजन भी करवा लिया। लेकिन 1 जून 2026 को उप-पंजीयक कार्यालय हनुमानगढ़ से सूचना मिली कि एक महिला निर्मला देवी वहां विक्रय पत्र की प्रमाणित प्रति लेने पहुंची है और उसने दावा किया कि उसकी भूमि किसी दूसरी महिला ने उसके नाम पर बेच दी है। इसके बाद रामेश्वरलाल ने सुशील कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। Hanumangarh News
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सुशील कुमार, दीपू पुत्र राजकुमार तथा एक अज्ञात महिला ने मिलकर षड्यंत्रपूर्वक फर्जी आधार कार्ड तैयार करवाया और दूसरी महिला को असली भूमि स्वामिनी बताकर 5 बीघा जमीन का विक्रय पत्र निष्पादित करवा दिया। इस तरह आरोपियों ने 46 लाख रुपए की धोखाधड़ी की।
परिवादी ने पुलिस को बताया कि वह उस महिला की पहचान कर सकता है। साथ ही उसने यह भी कहा कि यदि भूमि वास्तविक मालिक निर्मला देवी पत्नी अमराराम निवासी करणपुर के नाम रहती है तो उसे कोई आपत्ति नहीं है तथा वह विवादित विक्रय पत्र को निरस्त कराने के लिए भी सहमत है। जंक्शन थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच उप निरीक्षक चुकां को सौंपी गई है। Hanumangarh News