Punjab
कलाना फायरिंग कांड में मुख्य शूटर समेत दो आरोपी गिरफ्तार
आठ जून तक रिमांड पर, दस आरोपी पहले ही भेजे जा चुके जेल
हनुमानगढ़। भादरा थाना क्षेत्र के गांव कलाना में मोबाइल दुकान पर हुई फायरिंग, हत्या एवं हत्या के प्रयास के चर्चित मामले में पुलिस ने सफलता हासिल करते हुए मुख्य शूटर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पहले ही 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवाया जा चुका है। Hanumangarh News
गुरुवार को एसपी कार्यालय सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने यह जानकारी दी। एसपी मीना ने बताया कि 22 मई को गांव कलाना में मोबाइल दुकान पर फायरिंग की घटना हुई थी, जिसमें गांव कलाना निवासी मनीष (22) पुत्र चरण सिंह सिंदड़िया और संदीप (17) पुत्र रामावतार सिंदड़िया घायल हो गए थे। दोनों को उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय भादरा भेजा गया था।
बाद में उपचार के दौरान संदीप की मृत्यु हो गई, जबकि मनीष का इलाज वर्तमान में हिसार के जिंदल अस्पताल में चल रहा है। घटना के संबंध में भादरा थाने में मुकदमा दर्ज कर थाना प्रभारी हनुमानाराम बिश्नोई की ओर से जांच शुरू की गई। एसपी के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गीता चौधरी, वृत्ताधिकारी संजीव कटेवा तथा एजीटीएफ प्रभारी डीएसपी करण सिंह के निर्देशन में विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) गठित किया गया। Hanumangarh News
एसआईटी ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल मुख्य शूटर पवन (19) पुत्र संतलाल नायक निवासी धानसिया पीएस खुईयां तथा षड्यंत्र एवं रेकी में शामिल बजरंग (20) पुत्र रामकुमार नायक निवासी रातूसर पीएस नोहर को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 8 जून तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूर्व में घटना को अंजाम देने के लिए षड्यंत्र व रेकी में शामिल प्रदीप मेघवाल, उत्तम धाणक, संजय धाणक, सुभाष धाणक, लालकृष्ण नायक, रमजान लखारा, अनिल कुमार धाणक, सुरेन्द्र कुमार मेघवाल, खेताराम मेघवाल तथा नीरज यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
एसपी ने बताया कि मुख्य शूटर पवन तथा दो अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी पर हनुमानगढ़ पुलिस की ओर से 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। घटना में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और जल्द ही शेष आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। प्रेस वार्ता में एएसपी अरविन्द बिश्नोई व एजीटीएफ प्रभारी डीएसपी करण सिंह भी मौजूद रहे। Hanumangarh News