भाजपा ओबीसी मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश मंत्री सुभाष चौधरी का किशनगढ़-अजमेर आगमन पर होगा स्वागत

कार्यकारिणी विस्तार में स्थानीय भाजपा नेता सुभाष चौधरी को मिली प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी

Manmohan Picture
Published On

किशनगढ़/अजमेर। भारतीय जनता पार्टी राजस्थान ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र कुमावत द्वारा घोषित नई प्रदेश कार्यकारिणी में किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र से सक्रिय युवा भाजपा नेता सुभाष चौधरी को प्रदेश मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश मंत्री बनने के बाद शनिवार को सुभाष चौधरी पहली बार अपने गृह क्षेत्र किशनगढ़ एवं अजमेर पहुंचेंगे, जहां स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों द्वारा विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

कार्यकर्ताओं और आमजन से बनाए रखते हैं संपर्क : युवा भाजपा नेता सुभाष चौधरी, केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा स्थानीय अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी के पुत्र हैं और लंबे समय से किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे भाजपा संगठन के कार्यक्रमों में निरंतर सक्रिय रहते हुए कार्यकर्ताओं के साथ मजबूत संवाद बनाए रखते हैं।

केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी के दिल्ली प्रवास एवं व्यस्तताओं के दौरान भी सुभाष चौधरी क्षेत्र में जनसंपर्क कार्यक्रमों में भाग लेकर संगठन और कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखते हैं। भाजपा संगठन में उनकी सक्रियता, संगठनात्मक क्षमता एवं कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद को देखते हुए प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें ओबीसी मोर्चा प्रदेश मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

कार्यकर्ता और समर्थक जगह-जगह पर करेंगे स्वागत : नवनियुक्त प्रदेश मंत्री सुभाष चौधरी के प्रथम आगमन पर शनिवार को स्वागत कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रातः 9:30 बजे हरमाड़ा चौराहा पुलिया के नीचे किशनगढ़ तथा प्रातः 10:30 बजे भाजपा जिला कार्यालय अजमेर में कार्यकर्ताओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर स्वागत कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

About The Author

Related Posts