Punjab
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खरखौदा में प्रवेश प्रक्रिया 2 जून से शुरू
अंतिम तिथि 15 जून, खरखौदा ITI में एडमिशन के लिए जल्द करें आवेदन
खरखौदा (सच कहूँ न्यूज़)। Kharkhoda News: राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, खरखौदा में सत्र 2026-27 प्रवेश के लिए प्रक्रिया 2 जून से प्रारम्भ होने जा रही है। संस्थान के प्रधानाचार्य संदीप कुमार अहलावत ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक विद्यार्थी 15 जून तक ऑनलाइन माध्यम से अपने आवेदन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष संस्थान में विभिन्न रोजगारपरक एवं तकनीकी ट्रेडों में प्रवेश दिया जाएगा, जिनमें इलेक्ट्रिशियन, कोपा, वेल्डर, फिटर, मैकेनिक मोटर व्हीकल, मशीनिस्ट, वायरमैन, डीएमएम,डीएमसी, मैकेनिक डीजल सहित कुल 18 ट्रेड शामिल हैं।
प्रधानाचार्य ने बताया कि 8वीं, 10वीं तथा 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थी अपनी शैक्षणिक योग्यता के अनुसार संबंधित ट्रेडों में आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आईटीआई में विद्यार्थियों को तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाता है, जिससे युवाओं को स्वरोजगार एवं रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होते हैं और वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ते हैं। संस्थान प्रशासन के अनुसार इस वर्ष प्रदेशभर के सरकारी एवं निजी आईटीआई संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया पूर्णतः ऑनलाइन माध्यम से संपन्न की जाएगी। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संस्थान परिसर में हेल्प डेस्क की व्यवस्था भी की गई है, जहां विद्यार्थी प्रवेश प्रक्रिया, ऑनलाइन आवेदन एवं दस्तावेज संबंधी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
प्रधानाचार्य संदीप कुमार अहलावत ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें तथा समय रहते अपने आवेदन पूर्ण करें, ताकि किसी प्रकार की तकनीकी समस्या या भीड़भाड़ से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि संस्थान का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को कौशल आधारित शिक्षा प्रदान कर उन्हें रोजगार के लिए तैयार करना है। प्रवेश हेतु विद्यार्थियों को आवेदन के समय आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने होंगे। जिनमें 8वीं/मैट्रिक प्रमाण-पत्र की प्रतिलिपि, 10+2 प्रमाण-पत्र , जाति प्रमाण-पत्र एवं आरक्षण लेने वाले विद्यार्थियों के प्रमाण पत्र, आधार कार्ड की प्रतिलिपि, सक्रिय मोबाइल नंबर एवं ईमेल आईडी, बैंक पासबुक की प्रतिलिपि , चरित्र प्रमाण-पत्र तथा परिवार पहचान-पत्र शामिल हैं।
