विदेश से संचालित रंगदारी सिंडिकेट का भंडाफोड़, गैंग को पनाह देने वाला आरोपी गिरफ्तार

अब तक 15 आरोपी गिरफ्तार, एक किशोर निरुद्ध, 5 हथियार, 70 कारतूस और दो वाहन जब्त

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। पुलिस ने संगठित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विदेश से संचालित रंगदारी सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। गोगामेड़ी थाना पुलिस ने गैंग के सदस्यों को फरारी कटवाने और फिरौती की रकम के प्रबंधन में शामिल आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चन्दनमल उर्फ चानण जाट (60) पुत्र मानाराम सारण निवासी सवाई डेलाना पीएस सरदारशहर जिला चूरू के रूप में हुई है। Hanumangarh News

पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी चन्दनमल उर्फ चानण, महेंद्र डेलाना का पिता है। महेंद्र डेलाना वर्तमान में विदेश में बैठकर गिरोह का संचालन कर रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी गैंग के बैकएंड लॉजिस्टिक्स और फाइनेंस का काम संभालता था। एसपी ने बताया कि जिले में संगठित अपराध, गैंगस्टर गतिविधियों, अवैध हथियार, नशा तस्करी और संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के तहत गोगामेड़ी पुलिस थाना प्रभारी चंद्रकला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए प्रकरण संख्या 251/2025 में वांछित आरोपी चन्दनमल उर्फ चानण जाट को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि करीब 8-9 महीने पहले महेंद्र डेलाना के कहने पर उसने बीकानेर रोड स्थित केपीएस स्कूल के बोर्ड के नीचे छिपाकर रखी गई 2.50 लाख रुपए की फिरौती राशि उठाकर ठिकाने लगाई थी। Hanumangarh News

आरोपी गैंग के गुर्गांे के लिए सेफ हाउस की व्यवस्था भी करता था। वारदात के बाद फरार होने वाले बदमाशों को वह अपने खेत में बनी ढाणी में छिपाकर रखता था ताकि वे पुलिस से बच सकें। पुलिस के अनुसार हाल ही में गैंग के सदस्य राजकुमार उर्फ राजू डेंटर और योगेश उर्फ जोगेंद्र को भी आरोपी ने अपने यहां शरण दी थी।

उल्लेखनीय है कि 29 अक्टूबर 2025 को एजीटीएफ हनुमानगढ़ की सूचना पर गोगामेड़ी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों पार्थ राठौड़, मुकेश नायक, रूपेन्द्र जाट, राजेश जाट, राजूराम जाट तथा विकाश उर्फ राजू उर्फ पवन उर्फ शूटर को भारी मात्रा में हथियारों के साथ गिरफ्तार किया था। साथ ही एक नाबालिग को निरुद्ध किया था। पुलिस ने उनके कब्जे से तीन विदेशी पिस्तौल, दो अतिरिक्त मैगजीन और 70 जिंदा कारतूस बरामद किए थे। Hanumangarh News

पुलिस का दावा है कि आरोपी हनुमानगढ़ क्षेत्र में बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन समय रहते कार्रवाई कर योजना विफल कर दी गई। इस पूरे प्रकरण में अब तक कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया। इस प्रकरण में पूर्व में अजय पहलवान उर्फ भोला, विकास उर्फ गोलू उर्फ बग्गा, मनोज आचार्य, मुकेश भादू, राजकुमार उर्फ राजू, नीटू जाट, आनन्द कुमार व प्रदीप छिम्पा को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

प्रकरण में अब तक कुल पांच हथियार, दो अतिरिक्त मैगजीन, 70 कारतूस तथा बोलेरो कैंपर और एर्टिगा वाहन भी जब्त किए जा चुके हैं। मामले में शेष आरोपियों की तलाश और अनुसंधान जारी है। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी चंद्रकला, एएसआई प्रवीण, कांस्टेबल मोनू तथा राकेश शामिल रहे। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts