Punjab
संदिग्ध परिस्थितियों में भाखड़ा नहर में गिरी कार, चालक लापता
गोताखोर व हाइड्रा मशीन से रेस्क्यू जारी
भूना (सच कहूँ/संगीता रानी)। Bhuna News: बैजलपुर गांव के पास सिधमुख भाखड़ा और फतेहाबाद-सिरसा ब्रांच भाखड़ा नहर की बीच पटरी से एक कार संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में गिर गई। हादसे के समय कार में चालक मौजूद था। नहर के पास खेत में काम कर रहे एक युवक ने कार को अचानक नहर में गिरते देखा तो वह तुरंत मौके की ओर दौड़ा और जोर-जोर से आवाज लगाकर आसपास के लोगों को बुलाया। देखते ही देखते बैजलपुर गांव से बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने तुरंत कार को बाहर निकालने और चालक को बचाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बताया जा रहा है कि कार का नंबर एचआर-56सी-4483 है। कार नहर में गिरने के बाद पानी में डूबने लगी तो ग्रामीणों ने कार के शीशे तोड़कर चालक को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तेज बहाव के कारण चालक पानी में बह गया। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ओम प्रकाश बिश्नोई पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि कार को नहर से बाहर निकालने के लिए गोताखोरों की टीम को बुलाया गया है। साथ ही हाइड्रा मशीन की सहायता से रेस्क्यू आॅपरेशन चलाया जा रहा है। देर शाम तक पुलिस, गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से सर्च अभियान जारी रहा।
घटना के बाद क्षेत्र में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि नहर की पटरी पर कई जगह सुरक्षा इंतजामों की कमी है, जिसके कारण इस तरह के हादसे होने का खतरा बना रहता है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। Bhuna News
About The Author