UP के 75 जिलों में लागू होगी नई योजना, कामकाजी बच्चों को मिलेगी आर्थिक मदद और शिक्षा
उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में लागू होगी बाल श्रमिक विद्या योजना
लखनऊ। UP News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने श्रमिकों और उनके परिवारों के हित में बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि बाल श्रमिक विद्या योजना का विस्तार अब प्रदेश के सभी 75 जिलों में किया जाए। अभी तक यह योजना केवल 20 जिलों में संचालित की जा रही थी। इस फैसले से हजारों कामकाजी बच्चों को शिक्षा और आर्थिक सहायता का लाभ मिलेगा।
कामकाजी बच्चों को मिलेगा शिक्षा का अवसर
बाल श्रमिक विद्या योजना के तहत 8 से 18 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे बच्चों को स्कूलों से जोड़ा जाता है जो किसी न किसी रूप में काम कर रहे हैं। सरकार इन बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने के साथ-साथ आर्थिक सहायता भी प्रदान करती है, ताकि वे पढ़ाई जारी रख सकें और बाल श्रम से बाहर निकल सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक राज्य की प्रगति की सबसे बड़ी ताकत हैं और उन्हें सम्मानजनक जीवन, बेहतर शिक्षा तथा सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
सेवामित्र व्यवस्था को और मजबूत बनाने के निर्देश
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सेवामित्र व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी विभागों में भी इस व्यवस्था का उपयोग बढ़ाया जाए, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। वर्तमान में सेवामित्र पोर्टल पर 54,747 से अधिक कुशल कामगार पंजीकृत हैं, जो विभिन्न सेवाएं प्रदान कर रहे हैं।
श्रमिकों के लिए बनेंगे आधुनिक सुविधा केंद्र
राज्य सरकार सभी प्रमुख औद्योगिक शहरों में आधुनिक श्रमिक सुविधा केंद्र विकसित करने की योजना पर काम कर रही है। ये केंद्र केवल श्रमिकों के जुटान स्थल नहीं होंगे, बल्कि उन्हें रोजगार, आवास, परामर्श और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराएंगे। दूसरे राज्यों और क्षेत्रों से आने वाले श्रमिकों के लिए सुरक्षित आवास की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
कानपुर में बनेगा आधुनिक प्रशिक्षण संस्थान
मुख्यमंत्री ने कानपुर में 200 प्रशिक्षुओं की क्षमता वाले औद्योगिक श्रमिक प्रशिक्षण संस्थान और छात्रावास की स्थापना की घोषणा की। यहां बढ़ई, बिजली मिस्त्री, प्लंबर और अन्य तकनीकी कार्यों का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें।
रोजगार मेलों से लाखों युवाओं को मिला रोजगार
सरकार के अनुसार वर्ष 2025-26 के दौरान आयोजित 3,030 रोजगार मेलों के माध्यम से लगभग 3.74 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। वहीं उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत 27,555 युवाओं का चयन किया गया, जिनमें से 2,300 युवाओं को विदेशों में रोजगार के अवसर प्राप्त हुए हैं।
विदेश रोजगार के लिए मिलेगा भाषा प्रशिक्षण
सरकार अब जर्मनी और जापान जैसे देशों में रोजगार के इच्छुक युवाओं के लिए विशेष भाषा प्रशिक्षण कार्यक्रम भी शुरू करेगी। इसके अलावा रोजगार संगम पोर्टल पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित रोजगार मिलान और ऑनलाइन करियर परामर्श सेवाओं को भी मजबूत किया जाएगा।
उद्योग और रोजगार को मिल रहा बढ़ावा
राज्य में औद्योगिक विकास की रफ्तार भी तेज हो रही है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में अब तक 32,583 कारखानों का पंजीकरण किया जा चुका है, जिससे रोजगार के नए अवसर लगातार बढ़ रहे हैं।

About The Author