Punjab
नशेड़ियों के अड्डे बने खंडहरनुमा कमरों पर चली जेसीबी, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
लुधियाना पुलिस की नशों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
लुधियाना (सच कहूँ/सुरेन्द्र कुमार शर्मा)। Ludhiana News: लुधियाना में नशों के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशेड़ियों के अड्डे बने खंडहरनुमा कमरों को जेसीबी मशीनों से ढहा दिया। कार्रवाई के दौरान एसीपी राज कुमार और थाना डिवीजन नंबर-7 के एसएचओ गगनदीप मल्होत्रा मौके पर मौजूद रहे। यह कार्रवाई थाना डिवीजन नंबर-7 के अंतर्गत आने वाले जगदीश नगर और बुढ्ढा दरिया किनारे की गई, जहां लंबे समय से असामाजिक तत्व खंडहरों का इस्तेमाल नशा करने और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के लिए कर रहे थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इलाके के लोगों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि यह जगह नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का अड्डा बन चुकी है, जिसके कारण इलाके में डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ था। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गुरुवार को जेसीबी मशीनों की मदद से पूरे ढांचे को गिरा दिया गया। इस दौरान भारी पुलिस बल भी तैनात रहा। एसीपी राज कुमार ने बताया कि नशों के खिलाफ मुहिम को और मजबूत करने के लिए बुढ्ढा दरिया किनारे अस्थाई पुलिस चौकी स्थापित करने की योजना पर काम चल रहा है। इस संबंध में स्थानीय विधायक से भी बातचीत की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य इलाके से नशा और अपराध को पूरी तरह खत्म करना है और ऐसी कार्रवाईयां आगे भी जारी रहेंगी।
वहीं, काउंसलर अर्धनी शर्मा ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि नशों के खिलाफ चल रही मुहिम में पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कदम युवाओं को नशे से बचाने और इलाके की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी था।

About The Author