CM Yogi Adityanath Birthday: “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत शिखर शिक्षा सदन में हुआ वृक्षारोपण
योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस पर शिखर शिक्षा सदन में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत भव्य वृक्षारोपण
मीरापुर (सच कहूं/कोमल प्रजापति)। CM Yogi Adityanath Birthday: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर भारत स्काउट एवं गाइड द्वारा संचालित “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत शिखर शिक्षा सदन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, मीरापुर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
विद्यालय के निदेशक राजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विद्यालय के चेयरमैन सुशील कुमार शर्मा ने कहा कि, “पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान धरती को हरा-भरा बनाने और लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।”
विद्यालय की प्रबंधिका शिखा शर्मा ने कहा कि, “बच्चों में बचपन से ही वृक्षों के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आवश्यक है। माँ के नाम एक पौधा लगाना पर्यावरण और मातृत्व दोनों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का सुंदर माध्यम है।”
विद्यालय के निदेशक राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि, “वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए तथा उनकी देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।”
कार्यक्रम के दौरान सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरित बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन वृक्षों की सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ किया गया।
