पंजाब में धान रोपाई का दूसरा चरण 5 जून से शुरू, पांच जिलों को मिलेगी 8 घंटे बिजली आपूर्ति
बठिंडा, फरीदकोट, फिरोजपुर, श्री मुक्तसर साहिब व फाजिल्का के किसानों को मिलेगी बिजली
पटियाला (सच कहूँ/खुशवीर सिंह तूर)। Patiala News: धान की रोपाई के लिए पावरकॉम द्वारा 8 घंटे बिजली आपूर्ति का दूसरा चरण 5 जून से शुरू हो रहा है। इस चरण के तहत पांच जिलों के किसान अपनी धान की रोपाई शुरू कर सकेंगे। दूसरे चरण में बिजली आपूर्ति शुरू होने के बाद बिजली की मांग में वृद्धि हो सकती है। जानकारी के अनुसार पंजाब सरकार ने किसानों के लिए धान की रोपाई तीन चरणों में करने का कार्यक्रम तय किया है। दूसरे चरण में 5 जून से बठिंडा, फरीदकोट, फिरोजपुर, श्री मुक्तसर साहिब और फाजिल्का जिलों के किसानों को आठ घंटे बिजली आपूर्ति उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे पहले 1 जून से पंजाब के 9 जिलों में धान की रोपाई के लिए बिजली आपूर्ति चालू की जा चुकी है।
1 जून से गुरदासपुर, तरनतारन, पठानकोट, श्री अमृतसर साहिब, रूपनगर, मोहाली, होशियारपुर और फतेहगढ़ साहिब के किसानों को बिजली दी जा रही है। पहले चरण में किसानों को बिजली देने से पावरकॉम पर अधिक लोड नहीं पड़ा और बिजली की मांग 13 हजार मेगावाट से नीचे रही, क्योंकि पिछले दिनों मौसम में बदलाव आने के कारण बिजली की मांग में ज्यादा वृद्धि नहीं हुई।
प्रदेश में धान का तीसरा और अंतिम चरण 9 जून से शुरू होगा, जिसके बाद पावरकॉम के लिए चुनौतीपूर्ण समय आएगा। इस चरण के बाद पंजाब के 16 लाख ट्यूबवैल जमीन से पानी निकालेंगे। तीसरे चरण में पटियाला, संगरूर, बरनाला, मानसा, मोगा, लुधियाना, कपूरथला, जालंधर और नवांशहर जिलों के किसानों को बिजली आपूर्ति शुरू की जाएगी। आज अगर पंजाब में अधिकतम बिजली की मांग देखी गई, तो दोपहर में 13 हजार मेगावाट दर्ज की गई, जबकि शाम को मांग कम रही। दोपहर के बाद कई जिलों में बारिश होने से बिजली की मांग 8 हजार मेगावाट से भी नीचे आ गई।
प्रदेश में बिजली की मांग 13000 मैगावाट के पास
पावरकॉम के 15 यूनिटों में से 14 यूनिट चालू हैं, जबकि 1 यूनिट पिछले समय से बंद है। सरकारी थर्मल प्लांट रोपड़, लहरा मुहब्बत और श्री गोइंदवाल साहिब के 10 यूनिटों में से 9 यूनिट चल रहे हैं, जिनसे 1260 मेगावाट बिजली उत्पादन हो रहा है। रोपड़ थर्मल प्लांट का 4 नंबर यूनिट तकनीकी खराबी के कारण लंबे समय से बंद है। प्राइवेट थर्मल प्लांट राजपुरा और तलवंडी साबो के सभी 5 यूनिट चालू हैं, जिनसे 2100 मेगावाट बिजली उत्पादन किया जा रहा है। इसके अलावा हाइड्रल प्रॉजैक्ट्स से पावरकॉम को 685 मेगावाट बिजली उत्पादन मिल रहा है।