फतेहाबाद पुलिस का ये अधिकारी बना हरियाली का प्रहरी! सदर थाना को बना दिया ‘ग्रीन थाना’
कानून-व्यवस्था है सर्वोच्च जिम्मेदारी
Fatehabad Police: फतेहाबाद (सच कहूँ/विनोद शर्मा)। आमतौर पर पुलिस थानों की पहचान शिकायतों, कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण से जुड़ी होती है, लेकिन फतेहाबाद का सदर थाना इस परंपरागत छवि से अलग एक नई पहचान गढ़ रहा है। यहां कदम रखते ही लोगों का स्वागत खाकी वर्दी से पहले हरियाली करती है। पेड़ों की घनी छांव, पक्षियों की चहचहाहट और स्वच्छ वातावरण यह अहसास कराते हैं कि यह केवल थाना नहीं, बल्कि प्रकृति और सेवा भावना का जीवंत केंद्र है। इस बदलाव के पीछे हैं थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह, जिन्होंने अपने पर्यावरण प्रेम और मानवीय सोच से सदर थाना को ''ग्रीन थाना'' का स्वरूप दे दिया है। Fatehabad News
इस प्रकार शुरू हुआ था सफर
प्रहलाद सिंह बताते हैं कि पर्यावरण संरक्षण का उनका सफर एक छोटे से पौधे से शुरू हुआ था। उन्हें आज भी वह दिन याद है जब एक मित्र उन्हें पहली बार पौधारोपण के लिए अपने साथ लेकर गया था। उस दिन लगाया गया पौधा केवल मिट्टी में नहीं, बल्कि उनके मन में भी अंकुरित हो गया। तभी उन्होंने संकल्प लिया कि जहां भी उनकी तैनाती होगी, वहां हरियाली बढ़ाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। वर्षों की सेवा के दौरान हिसार, रोहतक और फतेहाबाद सहित विभिन्न स्थानों पर उन्होंने हजारों पौधे लगाए और लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया। आज फतेहाबाद का सदर थाना उनकी इसी सोच का सजीव उदाहरण है। थाना परिसर में त्रिवेणी सहित अनेक छायादार और फलदार वृक्ष लगाए गए हैं। इन पौधों की नियमित देखभाल की जाती है, जिसके परिणामस्वरूप पूरा परिसर एक हरित उद्यान की तरह दिखाई देता है।
पौधे लगाना आसान, लेकिन उन्हें वृक्ष बनाना बड़ी जिम्मेदारी
वे कहते हैं कि पौधे लगाना आसान है, लेकिन उन्हें वृक्ष बनाना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। इसी सोच के कारण उनके द्वारा लगाए गए अधिकांश पौधे आज विशाल वृक्षों का रूप ले चुके हैं और लोगों को छाया, स्वच्छ हवा तथा सकारात्मक ऊर्जा प्रदान कर रहे हैं। प्रहलाद सिंह की पर्यावरण के प्रति यह संवेदनशीलता उन्हें परिवार से विरासत में मिली है। वे अपने माता-पिता ओमप्रकाश और शांति देवी को इसका श्रेय देते हैं, जिन्होंने बचपन से ही उन्हें प्रकृति का महत्व समझाया। इस अभियान में उनकी पत्नी अनीला भी हर कदम पर उनका साथ देती हैं और उन्हें निरंतर प्रेरित करती रहती हैं। Fatehabad News
पक्षियों के लिए करते हैं दाना-पानी की व्यवस्था
पक्षियों के प्रति उनका प्रेम भी उल्लेखनीय है। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर पेड़ों पर जलपात्र लगाने और पक्षियों के लिए दाना-पानी की स्थायी व्यवस्था करने का अभियान चला रखा है। सदर थाना परिसर में भी पक्षियों के लिए विशेष जल एवं आहार व्यवस्था की गई है ताकि गर्मी के मौसम में उन्हें राहत मिल सके। जरूरतमंदों की सहायता भी उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा है। सर्दियों में वे गरीब और असहाय लोगों को कंबल तथा जूते वितरित करते हैं।
कानून-व्यवस्था है सर्वोच्च जिम्मेदारी
वर्ष 2004 में पुलिस विभाग में पीएसआई के रूप में अपनी सेवा शुरू करने वाले प्रहलाद सिंह कानून-व्यवस्था को अपनी सर्वोच्च जिम्मेदारी मानते हैं। वे स्पष्ट शब्दों में कहते हैं, अपराध और अवैध गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई कर उन्हें कानून के दायरे में लाना मुझे विशेष संतोष देता है। मेरा प्रयास रहता है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत रहे और आम नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करें। Fatehabad News