अलीकां पैक्स घोटाला: बिना रिकॉर्ड चल रहा था खाद गोदाम, जांच टीम ने तुड़वाया ताला
वर्ष 2023 से प्रति माह 8 हजार रुपये किराया भुगतान का मामला भी जांच के घेरे में
ओढ़ां (सच कहूँ/राजू)। Odhan News: अलीकां बहुउद्देशीय कृषि सहकारी समिति (पैक्स) में सामने आए कथित घोटाले की जांच के बीच अब मौजगढ़ स्थित खाद गोदाम का मामला भी जांच के दायरे में आ गया है। विभागीय रिकॉर्ड में गोदाम का कोई उल्लेख नहीं होने के बावजूद करीब दो वर्षों तक इसके नाम पर प्रतिमाह 8 हजार रुपये किराया दिए जाने का खुलासा होने के बाद सहकारी विभाग ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शुक्रवार को सहकारी विभाग के निरीक्षक वेदप्रकाश, विजय कुमार, विकास अधिकारी जगदीप सिंह और उपनिरीक्षक शिव कुमार की टीम मौजगढ़ पहुंची। टीम के साथ पैक्स कमेटी के सदस्य, गांव चौकीदार और अन्य ग्रामीण भी मौजूद रहे। उस समय तत्कालीन पैक्स प्रबंधक सोहन लाल भी मौके पर उपस्थित था। जांच टीम ने गोदाम की चाबी मांगी, लेकिन किसी ने भी चाबी उपलब्ध नहीं करवाई।
इसके बाद अधिकारियों ने वीडियोग्राफी के बीच ताला तुड़वाकर गोदाम की जांच शुरू की। करीब एक घंटे तक चली कार्रवाई में अंदर रखे सामान का रिकॉर्ड तैयार किया गया। जांच के बाद गोदाम को दोबारा बंद कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार अधिकारियों ने जब गोदाम से संबंधित एग्रीमेंट और अन्य दस्तावेज मांगे तो तत्कालीन पैक्स प्रबंधक ने रिकॉर्ड चोरी होने की बात कही। जांच के दौरान गोदाम में खाद के कुछ पुराने बैग और अन्य उर्वरक सामग्री मिली है। जांच में सामने आया है कि मौजगढ़ स्थित गोदाम विभागीय अभिलेखों में दर्ज ही नहीं है। इसके बावजूद वर्ष 2023 से कथित तौर पर कैश इन हैंड मद से हर महीने 8 हजार रुपये किराया भुगतान किया जाता रहा। ऐसे में यह भुगतान किन आधारों पर हुआ, अब यह भी जांच का विषय बन गया है। सूत्रों का कहना है कि नियमों के विपरीत नियुक्त किए गए कर्मचारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है।
घोटाले के खुलासे के बाद अलीकां पैक्स का कार्यभार संभालने को लेकर भी स्थिति असामान्य बनी हुई है। जुलाई 2025 में तत्कालीन प्रबंधक सोहन लाल के निलंबन के बाद गोरीवाला पैक्स के प्रबंधक मदन लाल को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बताया जाता है कि उन्हें अधूरा रिकॉर्ड दिया गया और मौजगढ़ गोदाम के बारे में भी जानकारी नहीं दी गई। अब अबूबशहर पैक्स के सेल्समैन वीरेंद्र बिश्नोई को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। जांच टीम ने उन्हें गोदाम का सामान जल्द अलीकां पैक्स में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए हैं।
सहायक रजिस्ट्रार (सहकारी समितियां) डबवाली संजीव कौशिक ने बताया कि अलीकां पैक्स मामले की जांच एसआईटी कर रही है। टीम के एक सदस्य के बीमार होने के कारण रिपोर्ट में देरी हुई है। उन्होंने कहा कि सोमवार तक अंतिम रिपोर्ट मिलने की उम्मीद है, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। मौजगढ़ गोदाम प्रकरण की भी अलग से जांच करवाई जा रही है। उन्होंने बताया कि सोहन लाल द्वारा आम सभा में पारित कराए गए सभी प्रस्ताव पहले ही रद्द किए जा चुके हैं, जबकि डबवाली पैक्स मामले में उसके खिलाफ पुलिस कार्रवाई के लिए भी लिखा जा चुका है।