जिला में खनन की गतिविधियों से सरकार को लगभग 9.69 करोड़ रुपये का राजस्व हुआ प्राप्त
अवैध खनन पर सख्ती: उपायुक्त प्रीति ने समीक्षा बैठक में दिए कड़े निर्देश
प्रताप नगर (सच कहूँ/राजेंद्र कुमार)। Pratap Nagar News: उपायुक्त प्रीति ने जिला सचिवालय के सभागार में जिले में हो रहे अवैध खनन की रोकथाम के लिए अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उपायुक्त ने सभी एसडीएम, खनन अधिकारी, डीडीपीओ,आरटीओ, सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध खनन की गतिविधियों पर नजर रखें और निरंतर चेकिंग कर अवैध खनन पर रोक लगाएं। समीक्षा बैठक में जिला खनन अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला में खनन गतिविधियों में सरकार को 21 मई 2026 से अब तक 9 करोड़ 68 लाख 76 हजार रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। अवैध खनन गतिविधियों में संलिप्त 62 वाहनों को सीज किया गया तथा 17 एफआईआर दर्ज की गई।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि जिला में अवैध खनन रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है और अवैध खनन में संलिप्त व्यक्ति एवं वाहन के खिलाफ सख्त कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि फर्जी ई-रवाना की पूरी जांच की जाए और अवैध खनन में संलिप्त व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर अवश्य दर्ज कर वाहन को जब्त किया जाए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन में पकड़े गए व्यक्ति व वाहन के सभी दस्तावेज अच्छी तरह चैक कर लें ताकि सही दस्तावेज न होने पर उसके खिलाफ कार्यवाही करने में किसी प्रकार की परेशानी न हों। उन्होंने पुलिस व अन्य विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि अवैध खनन से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की कोताही न बरती जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्र में पूर्ण रूप से अवैध खनन पर पाबंदी लगाए और पकड़े गए वाहनों के चालान कर सख्त कार्यवाही अमल में लाएं। उन्होंने जिला पंचायत एवं विकास अधिकारी को भी निर्देश दिए कि वे अवैध रूप से पंचायती भूमि पर खनन करने वालों के खिलाफ मुकदमें दर्ज करवा कर कार्यवाही करें।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में निरीक्षण अवश्य करते रहें। संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि तय मानकों के अनुसार मिट्टी का उठान हो रहा है। उन्होंने कहा कि खनन जोन में लगे नाकों पर सीसीटीवी कैमरे, बिजली आदि की व्यवस्था ठीक होनी चाहिए और नाकों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की देख-रेख में वाहनों को रोककर उनकी जांच की जाए। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सभी संवेदनशील नाकों पर पुलिस फोर्स बढ़ाई जाए। इसके साथ-साथ मोबाइल टीम की गतिविधियों को भी बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा व ईमानदारी से करें और अपने कार्य में किसी प्रकार की कोताही बरतें। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे खनन से जुड़े मामलों की रिपोर्ट सही तथ्यों के आधार पर भेजे और स्वयं इस महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेना सुनिश्चित करें।
उन्होंने सिंचाई विभाग को अपने से संबंधित नदी तल क्षेत्रों में नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदूषण व सेल्स टैक्स विभाग को भी बंद पड़े स्टोन क्रैशरों/स्क्रीन प्लांटों के खिलाफ नियमानुसार कार्यवाही करने के आदेश दिए, यदि वह चलते हुए पाए जाते हैं तो उनका बिजली कनेक्शन कटवाने के निर्देश दिए। सभी विभागों को अवैध खनन/अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त वाहनों पर इकठ्ठा कार्यवाही करने के निर्देश दिए जैसे कि खनन, आरटीए, सेल्स टैक्स, पुलिस इत्यादि। उन्होंने कहा कि पंचायती जमीन पर अवैध खनन के लिए सरपंच होंगे जिम्मेदार, ई-रवाना का मल्टीपज यूज रोका जाए, अवैध खनन रोकने के लिए तकनीक का इस्तेमाल करें, अवैध खनन को रोकने के लिए नाकों पर सख्त कार्यवाही करें और नाकों की संख्या में वृद्धि की जाए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मचारी यदि आपसी तालमेल से कार्य करें तो काफी हद तक अवैध खनन को रोका जा सकता है।
इस मौके पर जगाधरी के एसडीएम विश्वनाथ, एसडीएम व्यासपुर डॉ. कुलदीप सिंह, एसडीएम छछरौली जसपाल सिंह गिल, एसडीएम रादौर नरेन्द्र कुमार, डीएसपी रजत गुलिया, जिला खनन अधिकारी राजेश कुमार, डीडीपीओ नरेन्द्र कुमार, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, संबंधित थानों के प्रभारी, सेल्स टैक्स विभाग, आरटीओ विभाग, सिंचाई विभाग के अधिकारियों सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
