Punjab
सरसा के गांव रिसालिया खेड़ा में लापता किशोर मिला मृत, पानी की डिग्गी से शव बरामद
6 जून से लापता था गुरदीप सिंह, पूरे गांव में शोक का माहौल
गोरीवाला (सच कहूँ/अनिल)। उप तहसील क्षेत्र के गांव रिसालिया खेड़ा (Risalia Khera) में लापता 17 वर्षीय किशोर का शव खेत में बनी पानी की डिग्गी से बरामद होने के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान गुरदीप सिंह पुत्र भूप सिंह के रूप में हुई है, जो 6 जून से लापता था। जानकारी के अनुसार गुरदीप शनिवार को खेतों की ओर गया था, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा। Sirsa News
परिजनों ने अपने स्तर पर तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। रविवार सुबह गांव से करीब दो किलोमीटर दूर एक खेत में बनी डिग्गी के पास उसकी मोटरसाइकिल और चप्पलें मिलीं। आशंका के आधार पर ग्रामीणों ने डिग्गी का पानी निकलवाना शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद गुरदीप का शव बरामद कर लिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि गुरदीप अपनी पांच बहनों का इकलौता भाई था। Sirsa News