Fatehabad News: फतेहाबाद की सब्जी मंडी स्थित दुकान में अचानक लगी आग, डेरा सच्चा सौदा के सेवादारों ने आग पर पाया काबू,
लाखों रुपये का सामान जलकर राख
फतेहाबाद। स्थानीय सब्जी मंडी के सामने स्थित जय प्रकाश लीला राम एवं ओम टिबर की पॉलिथीन-तिरपाल की दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने की सूचना मिलते ही डेरा सच्चा सौदा के शाह सतनाम जी ग्रीन एस वेलफेयर कमिटी के सेवादार तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। Fatehabad News
सेवादारों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए तथा स्थिति को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का कार्य शुरू कर दिया। वहीं पुलिस प्रशासन भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गया। एसएचओ सुरेंद्र कुमार ने पुलिस बल के साथ मोर्चा संभालते हुए स्थिति पर नजर रखी और आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं।
आग की घटना में दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। हालांकि समय रहते किए गए राहत एवं बचाव कार्यों से आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया गया। दुकान संचालक ने डेरा सच्चा सौदा के सेवादारों द्वारा समय पर पहुंचकर किए गए सहयोग के लिए उनका तहेदिल से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेवादारों की तत्परता से राहत कार्य में काफी मदद मिली।
दुकान मालिक के अनुसार आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि रातभर तेज आंधी चल रही थी। ऐसे में आग किस कारण से लगी, यह जांच का विषय है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। डेरा सच्चा सौदा के सेवादारों ने कहा कि मानवता भलाई के कार्यों के तहत जरूरत पड़ने पर वे हमेशा लोगों की सहायता के लिए तत्पर रहते हैं। संकट की इस घड़ी में भी सेवादारों ने मौके पर पहुंचकर सेवा भावना का परिचय दिया और राहत कार्य में अपना योगदान दिया। Fatehabad News


