डीडी शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विकास कार्यों को हर गांव तक पहुंचाने का संकल्प, पारदर्शिता पर जोर

बीबीपुर कलां में विकास कार्यों का शुभारंभ, डीडी शर्मा ने किया वाल्मीकि चौपाल का उद्घाटन

Published On

पिहोवा (सच कहूँ न्यूज़)। Pehowa News: पिहोवा हलके के गांव बीबीपुर कलां में विकास कार्यों को नई गति देते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं हलका प्रभारी डीडी शर्मा ने लाखों रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने वाल्मीकि चौपाल का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और उन्होंने विकास कार्यों के लिए डीडी शर्मा का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

उद्घाटन समारोह के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डीडी शर्मा ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं। सरकार का उद्देश्य गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाना है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए पिहोवा हलके के प्रत्येक गांव में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं तथा आवश्यकतानुसार धनराशि उपलब्ध करवाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा है कि गांवों में सड़क, गली, पेयजल, चौपाल, सामुदायिक भवन और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाए ताकि ग्रामीणों को बेहतर जीवन स्तर मिल सके। सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही वर्तमान प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है। डीडी शर्मा ने कहा कि विकास कार्यों पर खर्च होने वाले प्रत्येक रुपये का पूरा लेखा-जोखा रखा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता के टैक्स से प्राप्त धन का उपयोग केवल जनता के हित में होना चाहिए।

किसी भी अधिकारी, कर्मचारी अथवा जनप्रतिनिधि द्वारा विकास कार्यों के लिए आने वाली राशि का दुरुपयोग न हो, इसके लिए सरकार पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि पारदर्शिता और जवाबदेही के आधार पर विकास कार्यों को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने विकास कार्यों के लिए प्रदेश सरकार और डीडी शर्मा का धन्यवाद किया।

Pehowa News

About The Author

Related Posts