बारिश और तूफान ने मीरापुर क्षेत्र में मचाई तबाही, बिजली व्यवस्था दिनभर रही ठप

तेज आंधी-बारिश से मीरापुर में भारी तबाही, बिजली के खंभे और पेड़ गिरे; दर्जनों गांवों की बिजली गुल

Published On

मीरापुर (सच कहूं/कोमल कुमार)। बृहस्पतिवार शाम आई तेज बारिश और आंधी-तूफान ने मीरापुर क्षेत्र में भारी तबाही मचा दी। अचानक बदले मौसम और तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर बिजली के खंभे उखड़ गए, जबकि कई खंभे बीच से टूटकर गिर पड़े। इसके चलते मीरापुर कस्बे सहित आसपास के दर्जनों गांवों की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई और लोगों को दिनभर परेशानी का सामना करना पड़ा।

तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि कुछ समय के लिए लोगों की सांसें थम गईं। कई स्थानों पर बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए, जबकि कई पेड़ टूटकर विद्युत लाइनों पर गिर पड़े। इससे बिजली आपूर्ति बहाल करने में विद्युत विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई जगहों पर ट्रांसफार्मर भी अपने पोल सहित जमीन पर गिर गए, जिससे नुकसान और बढ़ गया।

बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ा। अधिकांश क्षेत्रों में पानी की मोटरें नहीं चल सकीं, जिससे घरों में पानी की आपूर्ति प्रभावित रही। ग्रामीण और कस्बावासी दिनभर बिजली और पानी की समस्या से जूझते रहे।

हालांकि, तेज बारिश के चलते पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली। मौसम सुहावना होने से लोगों ने राहत की सांस ली, लेकिन तूफान से हुए नुकसान ने चिंता भी बढ़ा दी।

तूफान के शांत होने और बारिश रुकने के साथ ही विद्युत विभाग की टीमें विभिन्न क्षेत्रों में मरम्मत कार्य में जुट गईं। कर्मचारियों ने युद्धस्तर पर काम करते हुए टूटे खंभों और क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त किया। विभाग की लगातार मेहनत के बाद शाम तक अधिकांश क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई, जबकि कुछ स्थानों पर देर रात तक मरम्मत कार्य जारी रहा।

Mirapur News

About The Author

Related Posts