शिक्षा और रोजगार
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम युवाओं के लिए सदैव रहेंगे प्रेरणास्रोत: संदीप इन्सां
डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, राष्ट्रसेवा और योगदान को किया याद
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: भारत के पूर्व राष्ट्रपति, प्रसिद्ध वैज्ञानिक और "मिसाइल मैन" डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर विभिन्न सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उनके विचारों और देश के प्रति योगदान को याद करते हुए उन्हें सच्चा राष्ट्रनिर्माता बताया गया। पत्रकार संगठन कैराना के निवर्तमान अध्यक्ष संदीप इन्सां ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि डॉ. अब्दुल कलाम का पूरा जीवन सादगी, ईमानदारी, विज्ञान, शिक्षा और राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने देश के युवाओं को बड़े सपने देखने और उन्हें मेहनत के बल पर साकार करने की प्रेरणा दी।
उन्होंने कहा, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का यह संदेश कि 'महान लोगों के लिए धर्म जोड़ने, प्रेम और मित्रता का माध्यम होता है, जबकि संकीर्ण सोच वाले लोग धर्म को नफरत और संघर्ष का हथियार बना लेते हैं। आज के समाज के लिए बेहद प्रासंगिक है। हमें उनके बताए रास्ते पर चलकर भाईचारे, आपसी सद्भाव और राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।" संदीप इन्सां ने कहा कि डॉ. कलाम केवल महान वैज्ञानिक या पूर्व राष्ट्रपति ही नहीं थे, बल्कि करोड़ों भारतीयों की प्रेरणा थे। उनका जीवन इस बात का प्रमाण है कि कठिन परिश्रम, ईमानदारी और दृढ़ संकल्प के बल पर कोई भी व्यक्ति सफलता की ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि भले ही डॉ. कलाम आज हमारे बीच में नहीं हैं, लेकिन उनके विचार, आदर्श और राष्ट्र के प्रति समर्पण हमेशा देशवासियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उनकी शिक्षाएं आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बनी रहेंगी।
17.jpg)