शिक्षा और रोजगार
बरनाला लाठीचार्ज के विरोध में पंजाब बंद का व्यापक असर
कई शहरों में बाजार बंद, प्रदर्शन
चंडीगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। Chandigarh News: प्रदेश के बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में वाल्मीकि समाज और विभिन्न सामाजिक संगठनों के आह्वान पर सोमवार को पंजाब बंद का व्यापक असर राज्य के कई जिलों में देखने को मिला। जालंधर, कपूरथला, फगवाड़ा, नकोदर और फिल्लौर सहित कई शहरों में अधिकांश बाजार बंद रहे, जबकि विभिन्न स्थानों पर विरोध प्रदर्शन, रैलियां और धरने आयोजित किए गए। बंद के मद्देनजर जालंधर के कई निजी स्कूलों ने एहतियातन अवकाश घोषित कर छात्रों के लिए आॅनलाइन कक्षाएं संचालित कीं।
कई शिक्षण संस्थानों ने अभिभावकों को पहले ही स्कूल बंद रहने की सूचना भेज दी थी। कपूरथला जिले में बंद को व्यापक समर्थन मिला। अधिकांश व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे। मेडिकल स्टोर और अन्य आवश्यक सेवाएं सामान्य रुप से संचालित होती रहीं ताकि आम लोगों को परेशानी न हो। भगवान वाल्मीकि संघर्ष मोर्चा और अन्य वाल्मीकि संगठनों के सदस्यों ने, अध्यक्ष रोशन सभरवाल के नेतृत्व में, बरनाला की घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे सफाई कर्मचारियों की गरिमा पर हमला बताया। प्रदर्शनकारियों ने कथित लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
गौरतलब है कि 22 जुलाई को बरनाला में पक्की नौकरी, वेतन वृद्धि और पुरानी पेंशन योजना बहाल करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई थी। पंजाब एवं हरियाणा न्यायालय के निर्देशों के बाद नगर निगम और जिला प्रशासन द्वारा पुलिस सुरक्षा में कूड़ा उठाने का अभियान चलाए जाने के दौरान कथित लाठीचार्ज हुआ था। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पंजाब सरकार ने तत्कालीन डीएसपी को निलंबित कर दिया था, लेकिन प्रदर्शनकारी संगठन इसे अपर्याप्त बताते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
