Fraud Alert: परिचित बनकर 60 हजार की ठगी का आरोपी काबू
25 हजार और 35 हजार के फर्जी ट्रांजेक्शन मैसेज भेजे
Fraud Alert: सरसा (सच कहूँ न्यूज)। साइबर थाना सरसा पुलिस ने परिचित बनकर 60 हजार रुपए की ठगी करने वाले आरोपी को पंजाब के जीरकपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान यमन पुत्र नवल निवासी पालमपुर, जिला कांगड़ा हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। एसपी दीपक सहारण ने बताया कि शहर के रोड़ी गेट निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि 13 अप्रैल 2026 को उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। Sirsa News
कॉल करने वाले ने खुद को उसका दोस्त नवदीप बताते हुए कहा कि उसकी बेटी गंभीर रूप से बीमार है और अस्पताल में भर्ती है। उसने यह भी कहा कि उसके बैंक खाते में तकनीकी दिक्कत आ गई है, इसलिए वह सीधे अस्पताल में पैसे जमा नहीं करवा पा रहा। आरोपी ने विश्वास में लेने के लिए पीड़ित के मोबाइल पर 25 हजार और 35 हजार के फर्जी ट्रांजेक्शन मैसेज भेज दिए तथा एक बैंक खाता नंबर देकर रकम जमा करवाने को कहा। अपने दोस्त को मुसीबत में समझकर पीड़ित ने बिना खाते की जांच किए जल्दबाजी में कुल 60 हजार रुपए बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए।
बाद में बैंक खाता चेक करने पर पता चला कि उसके खाते में कोई रकम आई ही नहीं थी और वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका था। शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना सरसा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों, बैंकिंग डिटेल और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को जीरकपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। Sirsa News