निर्माणाधीन मकान से सरिया चोरी के चार आरोपी गिरफ्तार, कैंटर भी बरामद
गुरुग्राम में निर्माणाधीन मकान से 34 बंडल सरिया चोरी, चार आरोपी गिरफ्तार, कैंटर बरामद
गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज)। Gurugram News: सेक्टर-56 स्थित निमार्णाधीन मकान से 34 बंडल लोहे के सरिए चोरी करने के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-39 गुरुग्राम की पुलिस टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने रविवार को बताया कि इस वारदात में इस्तेमाल एक कैंटर भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-56 में शिकायत दी थी कि 27/28 जनवरी 2026 की रात को उसके निमार्णाधीन मकान से किसी ने राठी कंपनी के 34 बंडल लोहे के सरिए चोरी कर लिए। जिनकी कीमत लगभग पांच लाख रुपये है। इस शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। इस मामले में पुलिस टीम ने आरोपियों को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान साबिर उर्फ डेनी निवासी गांव सुनारी, जिला नूंह, दीपक निवासी गांव डिडारा जिला नूंह, मुस्तकीम उर्फ बुल्लड़ निवासी गांव सुनारी जिला नूंह और अमित उर्फ अमीती निवासी गांव डिडारा जिला नूंह के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं। अपने अन्य साथी के साथ मिलकर उन्होंने रात में मकान की रेकी की और मौका पाकर 34 बंडल सरिया चोरी कर लिए। उनका एक अन्य साथी कैंटर लेकर आया था, जिसमें सरिया लादकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल एक आयशर कैंटर बरामद कर लिया है। टीम अन्य आरोपी की तलाश कर रही है।