कबाड़ के ढेर में लगी भयंकर आग, पुलिसकर्मी गंभीर रूप से झुलसा

आग ने लिया विकराल रूप, क्षेत्र में फैला धुएं का घना गुबार

Sarvesh Kumar Picture
Published On

हिसार (सच कहूँ/मुकेश)। Hisar News: जिले के अग्रोहा क्षेत्र में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब भूना रोड स्थित एक प्लॉट में रखे कबाड़ के ढेर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया। आग की ऊंची लपटें दूर-दूर तक दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। अग्रोहा थाना पुलिस की टीम भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।

आग बुझाने के दौरान एक पुलिसकर्मी पास में बने शेड पर चढ़कर वहां रखा सामान सुरक्षित स्थान पर हटाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान शेड अचानक भरभराकर गिर गया। शेड के साथ नीचे गिरने से पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया और आग की चपेट में आने से वह झुलस भी गया। उसे तुरंत उपचार के लिए महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Hisar News

About The Author

Related Posts