सरसों फसल बिक्री की राशि हड़पने का आरोप

फसल के 68800 रुपए सहित अन्य रकम नहीं लौटाने का दावा

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय के आदेश पर रावतसर थाना पुलिस ने सरसों की फसल बिक्री की राशि और खेती के लिए दी गई रकम हड़पने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। परिवादी ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने पहले खेती के नाम पर नकदी और कृषि सामग्री ली तथा बाद में सरसों की फसल बेचकर उसकी राशि भी अपने नाम जमा करवा ली। Hanumangarh News

पुलिस के अनुसार चक 34 आरडब्ल्यूडी निवासी भीमसैन (46) पुत्र रामजीलाल बाजीगर ने न्यायालय में दायर इस्तगासे में बताया कि उसकी चक 1 जेडडब्ल्यूएम में 27 बीघा खातेदारी भूमि है। इसमें से 17 बीघा भूमि दलीप पुत्र फजलदीन मिरासी निवासी जोरावरपुरा तथा 10 बीघा भूमि ओमप्रकाश पुत्र सुरजाराम को आधे हिस्से पर काश्त के लिए दी गई थी।

दलीप ने 17 बीघा भूमि में सरसों की फसल बोई थी। खेती के दौरान उसने भीमसैन से 12 हजार रुपए नकद लिए, जबकि 19 हजार रुपए की यूरिया, स्प्रे, सल्फर व अन्य कृषि सामग्री भी प्राप्त की। इसके अलावा 7500 रुपए बुवाई के खर्च के रूप में दिलवाए गए। दलीप ने फसल बिकने के बाद पूरी राशि लौटाने का आश्वासन दिया था, लेकिन सरसों की फसल बेचने के बाद भी उसने रकम नहीं लौटाई। इसी दौरान दलीप ने ओमप्रकाश की फसल बेचने के लिए भी उसे अपने विश्वास में लिया। Hanumangarh News

दलीप ने कहा कि उसकी पहचान की आढ़त फर्म पर फसल बेचने से तुरंत भुगतान मिल जाएगा। इस पर 10 बीघा भूमि में हुई सरसों की फसल 14 अप्रैल 2024 को रावतसर स्थित भादू ट्रेडिंग कम्पनी में 68800 रुपए में बेच दी गई। भीमसैन का आरोप है कि फसल बेचने के बाद दलीप ने कहा कि आढ़तिया एक माह बाद भुगतान करता है और वह राशि लाकर दे देगा। जब काफी समय बाद भी भुगतान नहीं मिला तो वह स्वयं आढ़त फर्म पहुंचा। वहां उसे बताया गया कि फसल की बिक्री राशि दलीप के नाम जमा कर दी गई है।

इसके बाद उसे संदेह हुआ कि आरोपी ने योजना बनाकर उसकी और ओमप्रकाश की फसल की राशि अपने नाम जमा करवा ली। 11 नवंबर 2024 को जब भीमसैन ने आरोपी से फसल बिक्री की राशि, 12 हजार रुपए नकद, 19 हजार रुपए के कृषि सामान और 7500 रुपए बुवाई खर्च की रकम लौटाने को कहा तो उसने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया।

आरोपी ने कथित रूप से कहा कि उसने जानबूझकर फसल अपनी आढ़त पर बिकवाई और रुपए हड़प लिए हैं। न्यायालय के आदेश पर रावतसर थाना पुलिस ने आरोपी दलीप मिरासी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई राजेन्द्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर आरोपों की सत्यता का पता लगाएगी। Hanumangarh News

About The Author

Related Posts