Punjab
रामराज में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: हिस्ट्रीशीटर ईनाम के पैर में लगी गोली, अवैध तमंचा बरामद
रामराज में पुलिस-बदमाश मुठभेड़: हिस्ट्रीशीटर ईनाम के पैर में लगी गोली, अवैध तमंचा बरामद
रामराज।(सच कहूं/कोमल प्रजापति) थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम पुलिस और एक शातिर हिस्ट्रीशीटर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, रामराज थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिरोही अपनी टीम के साथ जमालपुर गांव के पास गंग नहर की पटरी पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान देवल गांव की ओर से एक संदिग्ध बाइक सवार युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली बदमाश के पैर में लग गई। गोली लगने से वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक बाइक बरामद की गई।
पूछताछ में घायल बदमाश ने अपना नाम ईनाम पुत्र नफीस, निवासी फ्रेंड्स कॉलोनी, मोहल्ला मुश्तर्क, थाना मीरापुर बताया। पुलिस ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जानसठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। सीओ जानसठ ऋषिका सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मीरापुर थाने का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। उसके खिलाफ सिखेड़ा, तितावी, रामराज और मीरापुर थानों में करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है।