Gurugram Factory Fire: मुशेदपुर-खुर्रमपुर के पास फैक्ट्री में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान
होम साईंराम इंडस्ट्री में लगी आग, कड़ी मशक्कत से आठ दमकल गाड़ियां ने पाया आग पर काबू
गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। Gurugram Factory Fire: मुशेदपुर-खुर्रमपुर गांव के पास स्थित होम साईंराम इंडस्ट्री में रविवार की आधी रात को अचानक भीषण आग लग गई। आग की भयावह लपटें और घने धुएं के गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की तीव्रता को देखते हुए पटौदी, मानेसर, भीमनगर, सेक्टर-23 और सेक्टर-29 समेत कुल छह फायर स्टेशनों से अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। कुल आठ फायर टेंडरों की मदद से दमकल कर्मियों ने फैक्ट्री को चारों ओर से घेरकर आग बुझाने का अभियान चलाया। कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
राहत की बात यह रही कि इस भीषण आग में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। रात के समय फैक्ट्री बंद होने और श्रमिकों के वहां नहीं होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में यही कारण सामने आया है। आग इतनी जोरदार थी कि फैक्ट्री में रखा कीमती कच्चा माल, तैयार उत्पाद और मशीनरी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। फैक्ट्री भवन को भी भारी क्षति पहुंची है। नुकसान का सही आंकलन अभी तक नहीं हो पाया है। आग पूरी तरह बुझने के बाद फायर ब्रिगेड द्वारा विस्तृत सर्च अभियान चलाया जाएगा।
फिलहाल आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। फायर ब्रिगेड और पुलिस अधिकारियों ने फैक्ट्री मालिक से सुरक्षा मानकों, फायर एनओसी और अन्य दस्तावेज मांगे हैं। स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की गहन जांच में जुटे हुए हैं।
About The Author