Chamoli Road Accident: खाई में गिरने से पहले पत्थर पर अटकी कार, चार लोगों की बची जान

चमोली में कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई की ओर गिर गई

Published On

चमोली (एजेंसी)। Chamoli Road Accident: उत्तराखंड के चमोली जिले में एक बड़ा सड़क हादसा उस समय टल गया, जब घिंघराण रोड पर ब्रह्मसैंण के समीप एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई की ओर गिर गई। राहत की बात यह रही कि वाहन एक बड़े पत्थर पर अटक गया, जिससे उसमें सवार एक ही परिवार के चार सदस्यों की जान बच गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन गोपेश्वर की टीम मौके पर पहुंची और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। 

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह फायर स्टेशन गोपेश्वर को सूचना मिली कि ब्रह्मसैंण के पास एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गिर गई है। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन की रेस्क्यू टीम आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गई।

मौके पर पहुंचने पर राहत एवं बचाव दल ने देखा कि कार सड़क से नीचे गिरने के बाद एक बड़े पत्थर पर अटक गई थी। यदि वाहन और नीचे खाई में गिर जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। फायर सर्विस के जवानों ने बिना समय गंवाए वाहन में फंसे लोगों तक पहुंचकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

पुलिस के अनुसार, गोपेश्वर के रौली ग्वाड़ निवासी मृदुल शाह अपने परिवार के साथ बागेश्वर जा रहे थे। ब्रह्मसैंण के निकट चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके चलते कार सड़क से नीचे जा गिरी। वाहन में मृदुल शाह (48 वर्ष), उनकी पत्नी जिया शाह (42 वर्ष), पांच वर्षीय पुत्री हिताची शाह और तीन वर्षीय पुत्र लावण्य शाह सवार थे।

गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने भी फायर सर्विस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

इस रेस्क्यू अभियान में लीडिंग फायरमैन अतर सिंह राणा के नेतृत्व में फायरमैन पवन सिंह, यशवंत सिंह और अंकित सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी तत्परता और पेशेवर कार्यशैली के कारण संभावित बड़े हादसे को टालने में सफलता मिली।

Chamoli Road Accident

About The Author

Related Posts