ईरान जंग के बीच ट्रंप की टीम में दरार? सनी जॉय नेल्सन के इस्तीफे से बढ़ीं चर्चाएं
Trump Team में एक और बड़ा बदलाव, करीबी सहयोगी Nelson ने कहा अलविदा
वाशिंगटन। Donald Trump के प्रशासन में लगातार हो रहे बदलावों और वरिष्ठ अधिकारियों के इस्तीफों के बीच अब उनकी करीबी सहयोगी Sonny Joy Nelson ने भी व्हाइट हाउस छोड़ने का फैसला किया है। नेल्सन राष्ट्रपति ट्रंप की स्पेशल असिस्टेंट और व्हाइट हाउस की मीडिया अफेयर्स डायरेक्टर के रूप में कार्यरत थीं। उन्होंने जनवरी 2025 में ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के साथ यह जिम्मेदारी संभाली थी।
अमेरिकी मीडिया संस्थान Axios की रिपोर्ट के अनुसार, सनी जॉय नेल्सन अब अपनी नई मीडिया और कम्युनिकेशन कंसल्टिंग कंपनी Cornerstone Strategics शुरू करने जा रही हैं। इस फर्म का फोकस टीवी, रेडियो और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के लिए मीडिया बुकिंग और कम्युनिकेशन रणनीति तैयार करने पर रहेगा।
नेल्सन ट्रंप के 2024 चुनावी अभियान की शुरुआती कम्युनिकेशन टीम का हिस्सा थीं और बाद में व्हाइट हाउस में मीडिया अफेयर्स डायरेक्टर बनीं। उन्होंने प्रशासन की मीडिया रणनीति को मजबूत बनाने और विभिन्न मीडिया संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई। MAGA (Make America Great Again) आंदोलन में भी उन्हें प्रमुख चेहरों में गिना जाता रहा है।
रिपोर्ट के अनुसार, शुक्रवार उनका व्हाइट हाउस में आखिरी कार्य दिवस था। उन्होंने अपने एक्स (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर भी इस खबर की पुष्टि की। व्हाइट हाउस प्रेस सचिव Karoline Leavitt ने उनकी प्रशंसा करते हुए कहा कि नेल्सन राजनीति जगत की सबसे प्रभावशाली मीडिया बुकर्स में से एक हैं और मीडिया जगत में उनके व्यापक संपर्क हैं।
नेल्सन का इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब ट्रंप प्रशासन में कई बड़े बदलाव और उच्च-स्तरीय अधिकारियों के प्रस्थान की खबरें सामने आ रही हैं।
