प्रधान ने नीट (यूजी) परीक्षा के निष्पक्ष और सफल संचालन के लिए राज्यों को लिखा पत्र

भीषण गर्मी के बीच NEET परीक्षा केंद्रों पर विशेष इंतजाम के निर्देश

Sarvesh Kumar Picture
Published On

नई दिल्ली। New Delhi News: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी) की आगामी 21 जून को फिर से करायी जा रही परीक्षा को सुचारू और निष्पक्ष ढंग से सफलतापूर्वक संचालित कराने के लिए राज्यों से सहयोग देने का अनुरोध किया है। प्रधान ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों, उप-राज्यपालों तथा प्रशासकों को पत्र लिखकर यह अनुरोध किया है। उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए उनसे उम्मीदवारों की सुविधा और भलाई के लिए परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

श्री प्रधान ने पत्र में लिखा, ''वर्तमान में भीषण गर्मी की स्थिति को देखते हुए मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि आप अपने राज्य/केंद्र शासित प्रदेश में परीक्षा संचालित करने वाले जिला अधिकारियों और सभी स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों तथा अन्य संस्थानों को उम्मीदवारों की सुविधा के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए उचित निर्देश जारी करने की कृपा करें। इनमें सुरक्षित पेयजल, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, चालू पंखे/कूलर, साफ शौचालय, छायादार प्रतीक्षा क्षेत्र, निर्बाध विद्युत आपूर्ति तथा आवश्यकता पड़ने पर पोर्टेबल शौचालय जैसी सुविधाएं शामिल हो सकती हैं।''

छात्रों के हित और कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए प्रधान ने सभी राज्य सरकारों से यह आग्रह भी किया है कि परीक्षा के दिन 21 जून को अभ्यर्थियों के लिए पर्याप्त परिवहन सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। शिक्षा मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया है कि सभी राज्य पुन: आयोजित की जा रही नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के सुचारू, पारदर्शी और निष्पक्ष संचालन के लिए पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे। नीट यूजी परीक्षा गत तीन मई को आयोजित की गयी थी लेकिन प्रश्न पत्र लीक होने की खबरों के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने इसे रद्द कर दिया था और 21 जून को पुनर्परीक्षा कराने की घोषणा की थी।

New Delhi News

About The Author

Ad Ad

Related Posts