Tamil Nadu Cabinet Expansion: तमिलनाडु मंत्रिमंडल का हुआ विस्तार, कांग्रेस के दो विधायकों सहित 23 नए मंत्री मंत्रिपरिषद में शामिल
मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार में अहम माना जा रहा मंत्रिमंडल विस्तार
Tamil Nadu Cabinet Expansion: चेन्नई। तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार ने गुरुवार को अपने मंत्रिमंडल का पहला व्यापक विस्तार करते हुए 23 नए सदस्यों को मंत्रिपरिषद में स्थान दिया। इस कदम को प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक सुदृढ़ बनाने, महत्वपूर्ण विभागों में रिक्त पदों को भरने तथा गठबंधन सहयोगियों को प्रतिनिधित्व देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) 108 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में सामने आई थी। इसके बाद सरकार गठन के लिए पार्टी ने सहयोगी दलों और निर्दलीय विधायकों का समर्थन प्राप्त कर बहुमत सुनिश्चित किया। मुख्यमंत्री विजय ने 10 मई को नौ मंत्रियों के साथ शपथ लेकर सरकार की शुरुआत की थी।
प्रारंभिक मंत्रिमंडल में विभागों का आवंटन 16 मई को पूरा कर दिया गया था, लेकिन वन, कृषि, राजस्व, आवास, सहकारिता तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम जैसे कई अहम विभागों के लिए अलग मंत्री नियुक्त नहीं किए गए थे। इससे मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं तेज हो गई थीं। अब सरकार ने 23 विधायकों और नेताओं को मंत्रिपरिषद में शामिल कर इस कमी को दूर करने का प्रयास किया है।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस विस्तार की खास बात यह रही कि कई वर्षों बाद तमिलनाडु मंत्रिमंडल में कांग्रेस को भी प्रतिनिधित्व मिला और उसके दो विधायकों को मंत्री बनाया गया। समारोह में गठबंधन दलों के कई प्रमुख नेता भी उपस्थित रहे।
नए मंत्रिमंडल में विभिन्न क्षेत्रों से प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है, जिससे क्षेत्रीय संतुलन बनाए रखने और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने की उम्मीद जताई जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह विस्तार नवगठित सरकार को मजबूती देने के साथ-साथ सहयोगी दलों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में भी सहायक सिद्ध होगा।
About The Author