Punjab
जमीनी विवाद में गवाही देने गए व्यक्ति की गोली मारकर हत्या
दो बाइक पर सवार होकर आए चार युवकों ने चलाई ताबड़तोड़ गोलियां
झज्जर (सच कहूँ/संजय भाटिया)। Jhajjar Crime News: झज्जर जिले के दुजाना गांव के खेतों में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब जमीनी विवाद और पुरानी रंजिश के चलते 65 वर्षीय विजय कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक अपने बेटे सुनील के साथ खेत में पानी देने आया था। इसी दौरान दो बाइकों पर सवार होकर आए चार युवकों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं और मौके से फरार हो गए। मृतक की पहचान गांव दुजाना निवासी 65 वर्षीय विजय कुमार के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि विजय कुमार अपने बेटे अनिल की हत्या के मामले में मुख्य गवाह था। निल की करीब तीन वर्ष पहले बेरी में गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी। उस मामले की गवाही को लेकर पहले से ही परिवार को खतरा बताया जा रहा था, जिसके चलते जिला पुलिस की ओर से परिवार को सुरक्षा भी उपलब्ध करवाई गई थी। हत्या के पीछे बिरधाना गांव निवासी संजय पर शक जताया जा रहा है। संजय वही व्यक्ति है जिस पर फाग के दिन अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप है और वह अपनी पत्नी की हत्या किए जाने के बाद से ही फरार चल रहा है।
पुलिस फिलहाल किसी भी आरोपी का नाम लेने से बच रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फोरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके से करीब आधा दर्जन गोलियों के खोल भी बरामद हुए है।
पहले बेटे की हत्या और अब पिता की हत्या, टूट गया पूरा परिवार
प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश और जमीनी विवाद से जुड़ा हुआ माना जा रहा है। वहीं इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पहले बेटे की हत्या और अब पिता की हत्या ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
इस मामले में पुलिस के आला अधिकारियों से कई बार सम्पर्क किए जाने का प्रयास किया गया,लेकिन पुलिस के अधिकारी एक-दूसरे पर पल्ला झाड़ते नजर आए। घटनास्थल का मौका मुआयना किए जाने और जरूरी कार्यवाहीं पूरी किए जाने के बाद पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया है।
About The Author