Punjab
मानसून से पहले पंजाब सरकार तैयार, अग्रिम प्रबंधों के लिए जारी किए 146 करोड़
सरकार सभी जिलों की तैयारियों का लगातार कर रही निरीक्षण: मुंडियां
चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। Chandigarh News: पंजाब सरकार ने पूरे राज्य में बाढ़ रोकने के कार्यों और किसी भी प्राकृतिक आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए अग्रिम 146 करोड़ रुपए जारी किए हैं, हालांकि आगामी दिनों में और भी राशि जारी करने की संभावना जताई जा रही है। कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि आगामी मानसून सीजन को ध्यान में रखते हुए और बाढ़ जैसी किसी भी संभावित आपदा वाली स्थिति से तुरंत निपटने के लिए सरकार द्वारा अग्रिम योजना बनाई गई है।
और जिला प्रशासनों को आवश्यक वित्तीय संसाधनों से लैस किया जा रहा है, ताकि आपदा प्रबंधन के साथ-साथ संभावित बाढ़ के नुकसान को समय रहते कम किया जा सके। हरदीप सिंह ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पंजाब के सभी जिलों को 100 करोड़ रुपए का फंड पहले ही जारी किया जा चुका है, ताकि जिला प्रशासन किसी भी संभावित प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न परिस्थितियों का बिना किसी देरी के प्रभावी ढंग से सामना कर सके।
अधिकारियों को जारी किए निर्देश
मुंडियां ने कहा कि इसके अलावा बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए नाव, बाढ़ रोकने की सामग्री और अन्य आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त 46 करोड़ रुपए भी जारी किए गए हैं। इसके तहत हर जिले को 2 करोड़ रुपए की राशि मुहैया करवाई गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके। आपदा प्रबंधन मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार सभी जिलों की तैयारियों का लगातार निरीक्षण कर रही है और संबंधित सभी अधिकारियों को मानसून सीजन से पहले सभी जरूरी प्रबंध पूरे करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि समय पर फंड जारी होने से जिला प्रशासन की आपदाओं से निपटने की क्षमता और मजबूत होगी।

About The Author