बहादुरगढ़ में दो फैक्ट्रियों में भीषण आग, दो श्रमिक गंभीर रूप से झुलसे

एचएसआईआईडीसी और सेक्टर-17 फुटवियर पार्क में आग से मची अफरा-तफरी

Sarvesh Kumar Picture
Published On

बहादुरगढ़ (सच कहूँ न्यूज)। Bahadurgarh Factory Fire: बहादुरगढ़ के एचएसआईआईडीसी क्षेत्र और सेक्टर-17 स्थित फुटवियर पार्क में रविवार को दो अलग-अलग फैक्ट्रियों में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की घटनाओं में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। एचएसआईआईडीसी स्थित एक फैक्ट्री में आग की चपेट में आने से दो श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए रोहतक पीजीआईएमएस रेफर किया गया है। आग की गंभीरता को देखते हुए बहादुरगढ़ के अलावा रोहतक, झज्जर और दिल्ली से भी दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर बुलाई गईं।

रबड़ शीट फैक्ट्री में अचानक भड़की आग

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे एचएसआईआईडीसी सेक्टर-17 स्थित प्लॉट नंबर-261 में संचालित शांति इंटरप्राइजेज में अचानक आग लग गई। यह फैक्ट्री रबड़ शीट से गद्दे बनाने का कार्य करती है। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। घटना के समय करीब 15 कर्मचारी फैक्ट्री में कार्यरत थे, जिन्होंने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आग की चपेट में आने से उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर निवासी 30 वर्षीय मोनू और कानपुर निवासी 25 वर्षीय दीपक गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों को तुरंत नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया गया।

साथ लगती फैक्ट्री तक पहुंची आग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था। आग इतनी तेजी से फैली कि इसकी चपेट में साथ लगते प्लॉट नंबर-262 स्थित दो मंजिला आरकेसी लेमिनेट लिमिटेड भी आ गई। इस फैक्ट्री में रेगजिन निर्माण का कार्य किया जाता है। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी गिरफ्त में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

प्रारंभिक तौर पर छह दमकल गाड़ियों को आग बुझाने में लगाया गया, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए रोहतक, झज्जर और दिल्ली से अतिरिक्त फायर टेंडर बुलाने पड़े। वहीं सेक्टर-17 स्थित फुटवियर पार्क की एक अन्य फैक्ट्री में भी आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मामले की जांच में जुटी हैं। अधिकारियों का कहना है कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक नुकसान का आंकलन किया जा सकेगा।

Bahadurgarh News

About The Author

Related Posts