Punjab
हांसी में शोरूम के मैनेजर की चाकू मारकर हत्या, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
वारदात के बाद फरार हुए आरोपी, पुलिस जांच में जुटी
हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। Hansi News: हांसी के एनएच-10 स्थित एक मार्केट में शनिवार रात जॉकी शोरूम के मैनेजर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने वाले युवक घटना के बाद काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। मृतक की पहचान हिसार निवासी 24 वर्षीय सूरज जैन के रूप में हुई है। वह पिछले करीब तीन वर्षों से जॉकी शोरूम में मैनेजर के पद पर कार्यरत था।
शनिवार रात करीब साढ़े 8 बजे वह शोरूम के बाहर मौजूद था, तभी उसके कुछ दोस्त बताए जा रहे युवक काली स्कॉर्पियो में वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों और सूरज के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। पहले सूरज ने उन्हें शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ता गया। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक युवक पहले सूरज के पास पहुंचता है और उससे बातचीत करता है। इसके बाद दूसरा युवक उसे थप्पड़ और लात मारते हुए कुछ दूरी तक ले जाता है। फुटेज के अनुसार, इसी दौरान आरोपी ने अपनी पैंट की जेब से चाकू निकाला और सूरज के पेट में वार कर दिया।
हमले के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। गंभीर रूप से घायल सूरज कुछ देर बाद जमीन पर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों और शोरूम कर्मचारियों ने उसे तुरंत नागरिक अस्पताल हांसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मॉच्युर्री में रखवाया गया है। हत्या की खबर मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
हांसी सदर थाना प्रभारी सदानंद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक से कुछ लोग मिलने आए थे। बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद उस पर चाकू से हमला किया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
About The Author