हांसी में दूध के खेल पर सीएम फ्लाइंग का बड़ा एक्शन, चिलिंग प्लांट पर रेड से मचा हड़कंप

ढाणी पीर वाली स्थित महादेव डेरी रॉ मिल्क चिलिंग प्लांट से हजारों लीटर दूध के सैंपल भरे 

Sarvesh Kumar Picture
Published On

हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। Hansi News: हांसी जिले के नजदीकी गांव ढाणी पीर वाली स्थित महादेव डेरी रॉ मिल्क चिलिंग प्लांट पर मुख्यमंत्री उड़न दस्ते यानी सीएम फ्लाइंग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डेरी कारोबारियों में हड़कंप मचा दिया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस रेड के दौरान टीम ने हजारों लीटर दूध की जांच की और सैंपल लेकर लैब भेज दिए। कार्रवाई के दौरान प्लांट में कई तरह की अनियमितताएं भी सामने आई हैं, जिनकी रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

मुख्यमंत्री उड़न दस्ता जींद की टीम ने फूड सेफ्टी विभाग के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए बुधवार को महादेव डेरी रॉ मिल्क चिलिंग प्लांट पर दबिश दी। रेड के दौरान प्लांट में मौजूद दूध और अन्य डेयरी सामग्री की बारीकी से जांच की गई। टीम ने बड़ी मात्रा में दूध के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए लैब भेजा है, ताकि दूध की गुणवत्ता और उसमें मिलावट की पुष्टि की जा सके।

इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर रोहताश, जो सीएम फ्लाइंग जींद, सोनीपत और हांसी के इंचार्ज हैं, ने टीम का नेतृत्व किया। टीम में सब इंस्पेक्टर विजेंद्र, सब इंस्पेक्टर पवन, एएसआई कर्मबीर और एएसआई चरण सिंह शामिल रहे। वहीं फूड सेफ्टी विभाग की ओर से एफएसओ काजल मेहता ने जांच प्रक्रिया को पूरा कराया।

जांच के दौरान चिलिंग प्लांट में कई प्रकार की अनियमितताएं सामने आईं, जिसके बाद अधिकारियों ने संबंधित रिपोर्ट तैयार करनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

फूड सेफ्टी विभाग और मुख्यमंत्री उड़न दस्ते की टीम ने साफ कहा है कि लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए आगे भी जिलेभर में लगातार छापेमारी अभियान जारी रहेगा।

 

About The Author

Related Posts