यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों पर भिवानी पुलिस सख्त

भिवानी पुलिस का चालान अभियान तेज, नियम तोड़ने वालों पर सख्ती

Sarvesh Kumar Picture
Published On

भिवानी (सच कहूँ/इंद्रवेश)। Bhiwani News: भिवानी में बिगड़ती ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाने और सडकों को सुरक्षित बनाने के लिए भिवानी पुलिस अब पूरी तरह से एक्शन मोड में नजर आ रही है। शहर के मुख्य चौकों और व्यस्त बाजारों में नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य न केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगाम लगाना है, बल्कि आम जनता को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना भी है।

यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए चलाए जा रहे इस अभियान की जानकारी देते हुए भिवानी पुलिस के एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ सड़कों पर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटा हुआ है। उन्होंने बताया कि शहर में बिना नंबर प्लेट के घूम रहे वाहनों और बिना हेलमेट के बाइक चलाने वाले चालकों के खिलाफ लगातार चालान अभियान चलाया जा रहा है। 

नियम तोड़ने वालों पर पुलिस सख्त

उन्होंने कहा कि युवा अक्सर बुलेट मोटरसाइकिल में साइलेंसर बदलवाकर तेज आवाज (पटाखे) पैदा करते हैं, जिससे ध्वनि प्रदूषण और दहशत का माहौल बनता है। पुलिस ऐसे साइलेंसर बदलवाने वाले और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले हुड़दंगियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए शहर के विभिन्न मुख्य चौकों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।

इन कैमरों की मदद से नियमों का उल्लंघन करने वालों के आॅनलाइन चालान सीधे उनके घर भेजे जा रहे हैं, जिससे कोई भी दोषी बच न सके। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल जुमार्ना लगाना नहीं, बल्कि लोगों की मानसिकता में सुधार करना है। इसके लिए पुलिस की टीमें विभिन्न स्कूल और कॉलेजों में जाकर युवा विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रही हैं ताकि भविष्य की पीढ़ी जिम्मेदार नागरिक बन सके।

इस बारे में ट्रैफिक एचएचओ संजय व संदीप ने बताया कि भिवानी शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करने के लिए 75 ट्रैफिक कर्मचारी व अधिकारी व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए भिवानी में लगाए गए है। जिनमें 6 थानेदार, 9 हैड कांस्टेबल, 30 एसपीओ, 30 होमगार्ड शामिल है। भिवानी शहर में ट्रैफिक व्यवस्था दुरूस्त हो, इसके लिए चार राईडर, एक क्रेन, दो इंटरसेप्टर प्रत्येक थाने के लिए अल्को सैंसर तथा हर चौक पर डिजिटल मशीनों की व्यवस्था की गई है। बीते 18 मई से भिवानी के एनसीआर क्षेत्र में होने के चलते बीएस-3 मानकों वाले वाहनों के चालान के लिए अलग से अभियान चलाया गया है। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार एनसीआर क्षेत्र में 10 वर्ष पुराने डीजल वाहन व 15 वर्ष पुराने पैट्रोल वाहनों के भी चालान काटे जा रहे है। 

Bhiwani News
Bhiwani News: वाहन चालकों की जांच करते पुलिसकर्मी। छाया नितिन।

About The Author

Related Posts