Punjab Elections News: पंजाब में शहरी चुनावों में 61.50 फीसदी मतदान, कई जगह चले ईंट-पत्थर तो कई जगहों पर हुआ हंगामा
समाना में सबसे ज्यादा बिगड़े हालात, एक की मौत, जबकि मजीठा और जगराओं में भी स्थिति रही खराब
चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। Punjab Nikay Chunav: पंजाब में नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पंचायतों के चुनावों में भाग लेते हुए आम लोगों ने जहाँ बड़े स्तर पर उत्साह दिखाया, वहीं कुछ स्थानों पर इस उत्साह के दौरान माहौल भी खराब हुआ। हालांकि पुलिस ने इन स्थानों पर स्थिति को नियंत्रित करने की पूरी कोशिश की, लेकिन कुछ जगहों पर हालात पुलिस के हाथ से निकलते भी नजर आए। इसके बावजूद देर शाम तक पूरे पंजाब में शहरी चुनावों की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।
राज्य चुनाव आयोग द्वारा सूचना दिए जाने तक पूरे पंजाब में कुल 61.50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। हालांकि देर रात तक इन आंकड़ों में बदलाव जारी था। लंबे समय बाद बैलेट पेपर के जरिए हुए इन चुनावों में 7,555 उम्मीदवारों की किस्मत बैलेट बॉक्स में बंद हो गई है और इनकी राजनीतिक किस्मत का फैसला 29 मई को होगा। इसी दिन 8 नगर निगमों, 75 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों के चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। राज्य चुनाव आयोग द्वारा सभी बैलेट बॉक्स पहले से तैयार किए गए सुरक्षा केन्द्रों में कड़ी सुरक्षा के बीच रखवा दिए गए हैं और अगले 60 घंटों तक ये सख्त सुरक्षा में रहेंगे।
राज्यभर में 3 हजार 977 पोलिंग बूथ किए स्थापित, 36 हजार कर्मी तैनात
पंजाब में बठिंडा, अबोहर, बटाला, बरनाला, कपूरथला, मोगा, पठानकोट और मोहाली नगर निगमों के अलावा 75 नगर परिषदों और 21 नगर पंचायतों में हुए इन चुनावों में बड़े हंगामे की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन समाना नगर परिषद को छोड़कर बाकी पंजाब में कोई बड़ा बवाल नहीं हुआ। हालांकि कई जगहों से छोटी-मोटी घटनाओं की जानकारी मिली, लेकिन वे घटनाएं केवल एक या दो वार्डों तक सीमित रहीं। उन स्थानों पर भी पुलिस ने समय रहते हालात संभाल लिए। इन शहरी चुनावों को करवाने के लिए राज्यभर में 3 हजार 977 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए थे और लगभग 36 हजार कर्मचारी तैनात किए गए थे। इसके अलावा 35 हजार 500 पुलिसकर्मी और होमगार्ड जवान सुरक्षा व्यवस्था में लगाए गए थे।
समाना में खूनी झड़प, मजीठा और जगराओं में मामूली घटनाएं
नगर निगम और नगर परिषद चुनावों में समाना में सबसे ज्यादा तनावपूर्ण माहौल रहा। यहाँ पुलिस और आम लोगों के बीच हुई झड़प के दौरान एक 18 वर्षीय युवक की मौत की खबर सामने आई। युवक की मौत के बाद देर शाम तक शहर का माहौल काफी तनावपूर्ण बना रहा। समाना के कुछ बूथों पर पुलिस और लोगों के बीच र्इंट-पत्थर भी चले। इसके अलावा मजीठा में अकाली दल के एक युवक के सिर में चोट लगने की खबर है, जबकि जगराओं में कुछ लोग महिला विधायक से भिड़ गए। इनमें से एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया है। इन स्थानों के अलावा बठिंडा, मोहाली, रायकोट, अजनाला और मौड़ मंडी में भी छोटी-मोटी घटनाओं की खबरें मिली हैं। देर शाम तक राज्य चुनाव आयोग सभी स्थानों से घटनाओं की जानकारी जुटा रहा था, लेकिन किसी भी नगर परिषद के चुनाव बूथ की वोटिंग रद्द करने संबंधी कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली थी।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब के लोगों का किया धन्यवाद
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब में हुए शहरी चुनावों को लेकर आम जनता और मतदाताओं का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद लोगों ने अपने घरों से निकलकर अपने प्रतिनिधि चुनने के अधिकार का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में अमन और शांति के साथ चुनाव सम्पन्न करवाने के लिए पंजाब की जनता बधाई की पात्र है।