Punjab
मोटरसाइकिल चोरी मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
टोहाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
टोहाना (सच कहूँ न्यूज)। Tohana News: थाना शहर टोहाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरवाना के नारनगढ़ निवासी निर्मल सिंह पुत्र राजकुमार तथा जींद के कलवान निवासी अजय पुत्र भगवान और विक्रम उर्फ विक्की पुत्र सुरजीत के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि नया बाजार टोहाना निवासी मोहरलाल ने शिकायत दी थी कि 24 अप्रैल 2026 की सुबह वह हिसार रोड स्थित टाउन पार्क में सैर करने गया था।
इस दौरान उसने अपना मोटरसाइकिल पार्क के बाहर खड़ा किया था, लेकिन लौटने पर मोटरसाइकिल वहां से गायब मिला। काफी तलाश के बावजूद वाहन का कोई सुराग नहीं लग पाया। शिकायत के आधार पर थाना शहर टोहाना में बीएनएस की धारा 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को काबू कर लिया। मामले की आगामी जांच जारी है।

About The Author