शिक्षा और रोजगार
फर्जी नंबर की कार देकर 17 लाख की ठगी, केस दर्ज
फर्जी नंबर प्लेट वाली गाड़ी बेचने का मामला, पुलिस जांच में जुटी
रादौर (सचकहूँ/लाजपतराय)। Radaur News: फर्जी नंबर की गाड़ी बेचकर 17 लाख रूपए की धोखाधड़ी का मामला प्रकाश में आया है। मामले में गांव कलरा जगीर निवासी एक व्यक्ति ने गांव संधाला निवासी राजकुमार पर फर्जी नंबर की कार देकर करीब 17 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित गौरव ने रादौर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके रिश्तेदार प्रवीण कुमार निवासी को एक कार खरीदनी थी।
इस दौरान उनकी मुलाकात संधाला निवासी राजकुमार से हुई, जिसने अपनी इनोवा कार बेचने की पेशकश की। इसके बाद रादौर अनाज मंडी में दोनों पक्षों के बीच 17 लाख रुपये में सौदा तय हुआ। शिकायत के अनुसार, सौदे के तहत पहले 5 लाख रुपये एडवांस दिए गए और गाड़ी ले ली गई। शेष राशि गाड़ी के नाम ट्रांसफर होने के बाद देनी तय हुई थी। बाद में आरोपी ने कहा कि वाहन करनाल में ट्रांसफर नहीं हो सकता, इसलिए वह इसे पंजाब में नाम करवा देगा और इसके लिए अतिरिक्त पैसे की मांग की।
पीड़ितों ने भरोसा कर पूरी राशि आरोपी को दे दी। इसके बावजूद काफी समय तक गाड़ी का नाम ट्रांसफर नहीं हुआ। अप्रैल 2026 में जगराओं डीएसपी कार्यालय से पीड़ितों को सूचना मिली कि जिस नंबर की गाड़ी उनके पास है, वही नंबर किसी अन्य वाहन पर भी चल रहा है और इस संबंध में शिकायत दर्ज है। मामले को लेकर कई बार पंचायत भी हुई, जिसमें आरोपी ने पैसे वापस करने की बात कही, लेकिन इसके बावजूद पीड़ितों को उनकी रकम नहीं लौटाई गई।