Punjab
यमुना में गिरी पोकलेन मशीन, चालक की मौत
पश्चिमी यमुना नहर किनारे काम के दौरान हादसा
यमुनानगर (सच कहूँ/लाजपतराय)। Yamunanagar News: मंगलवार को यमुनानगर में बाडी माजरा पुल के पास पश्चिमी यमुना नहर के किनारों को बाढ़ से सुरक्षित करने के लिए चल रहे कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बॉडी माजरा के पास तीर्थ नगर क्षेत्र में काम कर रही एक पोकलेन मशीन अचानक अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। मशीन नहर में गिरने से मशीन चालक 39 वर्षीय प्रीतम की मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में कार्यवाही कर शव परिजनों को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार यमुना किनारे बाढ़ से बचाव के लिए नदी के तटों को मजबूत करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी कार्य में लगी एक पोकलेन मशीन जैसे ही नहर के किनारे पहुंची, अचानक संतुलन बिगड़े से वह सीधे पानी में जा गिरी। मशीन के केबिन में मौजूद ड्राइवर अंदर ही फंस गया। हादसे को देखते ही आसपास काम कर रहे मजदूरों और अन्य मशीन चालकों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। मौके पर मौजूद दूसरी जेसीबी मशीन की मदद से पोकलेन को सीधा किया गया और काफी मशक्कत के बाद ड्राइवर को बाहर निकाल लिया गया। घटना के बाद घायल ड्राइवर को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर मामले की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि प्रीतम व कुलदीप दोनो सगे भाई कई सालों से ठेकेदार पर इक्ट्ठे काम कर रहे थे। मंगलवार को अचानक हादसा होने से पोकलेन चला रहा 39 वर्षीय ड्राईवर प्रीतम पोकलेन नहर में पलटने से चैंबर में फंस गया और इस हादसे में उसकी मौत हो गई।