Punjab
Fake NCERT Books: नकली एनसीईआरटी पुस्तकों का भंडाफोड़, बुक डिपो संचालक गिरफ्तार
सीएम फ्लाइंग की रेड में 483 संदिग्ध एनसीईआरटी पुस्तकें बरामद
कैथल (सच कहूँ/कुलदीप नैन)। Fake NCERT Books News: मुख्यमंत्री उड़नदस्ता हरियाणा और थाना शहर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पिहोवा चौक स्थित नवीन बुक डिपो पर छापेमारी कर भारी मात्रा में एनसीईआरटी की संदिग्ध नकली पुस्तकें बरामद की हैं। मामले में दुकान संचालक सेक्टर-19 निवासी नवीन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री उड़नदस्ता कुरुक्षेत्र/कैथल को सूचना मिली थी कि नवीन बुक डिपो में एनसीईआरटी की नकली पुस्तकों का अवैध भंडारण और विक्रय किया जा रहा है। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने दुकान पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान एनसीईआरटी से सहायक व्यापार प्रबंधक पदम सिंह भाटी तथा उत्पादन सहायक अश्वनी माचरा भी मौके पर मौजूद रहे। वहीं शिक्षा विभाग कैथल की ओर से उप जिला शिक्षा अधिकारी जयभगवान, उप अधीक्षक प्रवीन थरेजा और सहायक सुखबीर सिंह ने भी जांच में सहयोग किया।
जांच के दौरान कक्षा नौवीं की अंग्रेजी माध्यम विज्ञान विषय की कुल 483 पुस्तकें संदिग्ध पाई गईं। अधिकारियों द्वारा गहन निरीक्षण करने पर पुस्तकों पर एनसीईआरटी का आधिकारिक वाटरमार्क लोगो नहीं मिला, जिससे प्रथम दृष्टया पुस्तकें नकली प्रतीत हुर्इं। एनसीईआरटी अधिकारियों ने मौके पर पुस्तकों की जांच कर उन्हें नकली घोषित कर दिया। कार्रवाई के दौरान दो पुस्तकों को सैंपल के रूप में कब्जे में लिया गया। इसके बाद एनसीईआरटी अधिकारियों द्वारा थाना शहर कैथल में लिखित शिकायत दी गई, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया। मामले की जांच थाना शहर पुलिस के एएसआई मुकेश द्वारा की जा रही है।
About The Author