फतेहाबाद के इस छोटे से गांव की होनहार बेटी का राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में चयन, बधाई देने वालों का लगा ताँता

अभिलाषा मुदाई ने बीसीसीआई द्वारा आयोजित अंडर-15 राष्ट्रीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया

Manmohan Picture
Published On

भूना (सच कहूँ/संगीता रानी)। निकटवर्ती गांव सनियाना की होनहार खिलाड़ी अभिलाषा मुदाई ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा आयोजित अंडर-15 राष्ट्रीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। हरियाणा महिला क्रिकेट टीम की ओर से बेहतरीन गेंदबाजी करने के बाद अभिलाषा का चयन बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) के प्रशिक्षण शिविर के लिए हुआ है। इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। Fatehabad News

अभिलाषा पिछले करीब चार वर्षों से बाबा द्रोणगिरी क्रिकेट अकादमी में कोच मंदीप सिंह के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास कर रही हैं। लगातार मेहनत, अनुशासन और शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। 2 जनवरी से 17 जनवरी तक आयोजित राष्ट्रीय महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में अभिलाषा ने हरियाणा टीम की ओर से कुल छह मुकाबले खेले और अपनी गेंदबाजी से सभी को प्रभावित किया।

पुदुच्चेरी के खिलाफ 6 ओवर में 19 रन दिए, जबकि छत्तीसगढ़ के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करते हुए 5.3 ओवर में मात्र 20 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। चंडीगढ़ के खिलाफ 7 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट झटके। मुंबई के खिलाफ 7 ओवर में 15 रन देकर 2 विकेट लिए। केरल के खिलाफ किफायती गेंदबाजी की, जबकि पंजाब के खिलाफ 7 ओवर में 31 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। अभिलाषा के पिता राकेश कुमार ने बताया कि उनकी बेटी बचपन से ही क्रिकेट के प्रति समर्पित रही है और आज उसकी मेहनत का परिणाम पूरे परिवार व क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गया है। Fatehabad News

अभिलाषा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, कोच मंदीप सिंह तथा फतेहाबाद क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव नरेश कुलड़िया को दिया। वहीं नरेश कुलड़िया ने कहा कि अभिलाषा ने जिले का नाम रोशन किया है और उसकी उपलब्धि अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उन्होंने बताया कि अभिलाषा का राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में प्रशिक्षण शिविर 17 मई से 11 जून तक आयोजित होगा, जहां उसे देश के श्रेष्ठ प्रशिक्षकों से प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। Fatehabad News

About The Author

Related Posts