Election: मतदान के दौरान हंगामा, कई वार्डों में झड़पें और तनावपूर्ण माहौल
भीषण गर्मी के बावजूद शहर में सुबह उत्साह के साथ और दोपहर बाद बेहद धीमी रही मतदान प्रक्रिया
बरनाला (सच कहूँ/जसवीर गहल)। Barnala News: बरनाला के नगर निगम बनने के बाद शहर में मंगलवार को पहली स्थानीय चुनाव प्रक्रिया हंगामे और मामूली झगड़ों के बीच सम्पन्न हुई। भीषण गर्मी के बावजूद कहीं मतदान उत्साह के साथ हुआ तो कहीं दोपहर के समय मतदान केन्द्रों पर वोटरों की संख्या में भारी गिरावट देखने को मिली। इस दौरान पुलिस के साथ-साथ सिविल प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क रहा। नगर निगम के 48 वार्डों में मतदान का काम सुबह आठ बजे पूरे उत्साह के साथ शुरू हुआ, लेकिन दोपहर चढ़ते ही मतदान केन्द्रों पर वोटरों के पहुंचने में काफी गिरावट देखी गई। दोपहर ढलने के साथ ही एक बार फिर मतदाता मतदान केन्द्रों की ओर बढ़ते नजर आए। कुछ वोटरों ने दोपहर के समय भी मतदान में रुचि दिखाई।
शहर के कई वार्डों में सुबह से ही स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी, जहाँ दोपहर होते-होते घूंसे-मुक्के और लाठी-डंडे चलने लगे। मामला वार्ड नंबर 15 से जुड़ा है, जहाँ आईटीआई चौक के पास बीजीएस स्कूल में मतदान शांतिपूर्ण चल रहा था, लेकिन बाहर सड़क पर पुलिस की मौजूदगी में सत्ताधारी दल से जुड़े निर्मल सिंह निम्मा नाम के एक बाहरी समर्थक और भाजपा उम्मीदवार दीपइन्द्र कौर के पति जसबीर सिंह गक्खी के बीच झगड़ा हो गया, जो मारपीट तक पहुंच गया। इस झगड़े में गकखी घायल हो गए और उनके सिर में तीन टांके लगे। जसबीर सिंह गक्खी ने बताया कि निर्मल सिंह निम्मा सहित ‘आप’ के कई लोग सुबह से ही उनके वार्ड में फर्जी वोट डलवा रहे थे। शिकायत करने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। जब उन्होंने स्वयं ‘आप’ समर्थकों को रोकने की कोशिश की तो पुलिस की मौजूदगी में उन पर हमला कर दिया गया।
वहीं शहर के फरवाही बाजार में वार्ड नंबर 33 से निर्दलीय उम्मीदवार द्वारा सत्ताधारी दल पर फर्जी वोटिंग के आरोप लगाते हुए हंगामा किया गया। इस दौरान ‘आप’ के एक हिंदू चेहरे और निर्दलीय उम्मीदवार के भतीजे के बीच थप्पड़ों और घूंसे-मुक्कों की बरसात हुई। पुलिस ने दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन इसके बावजूद झगड़ा जारी रहा। इस दौरान निर्दलीय उम्मीदवार के पति डॉ. हेमराज गर्ग ने धक्काशाही के आरोप लगाते हुए आप सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। इसके अलावा वार्ड नंबर 8 और 9 में आप उम्मीदवार और एक डीएसपी के बीच कहासुनी हुई, जबकि वार्ड नंबर 38 से भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ रही शिवानी के पति राजेन्द्र उप्पल ने पुलिस पर उन्हें और उनकी माता को थाने ले जाकर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं।