बिजली कटौती से परेशान लोगों ने पटियाला-पिहोवा हाईवे जाम कर पॉवरकॉम के खिलाफ किया प्रदर्शन

एसडीओ से कल शाम 4 बजे तक बिजली सप्लाई बहाल करने का आश्वासन मिलने के बाद किसानों ने धरना किया स्थगित

Sarvesh Kumar Picture
Published On

सनौर (सच कहूँ/राम स्वरूप पंजोला)। Sanaur News: जहाँ पिछले कई दिनों से बढ़ते तापमान और गर्मी ने कहर बरपाया हुआ है, वहीं पिछले 4-5 दिनों से गांव पूनियां खानां, तेजां, भट्टीयाँ, बहल आदि गाँवों में मोटरों वाली बिजली सप्लाई नहीं आ रही थी और घरों में लगातार रात के समय कटौती हो रही थी। इससे परेशान होकर गांव के किसानों और आम लोगों ने गाँव बहल में पिहोवा-पटियाला हाईवे को जामकर विरोध प्रदर्शन किया।

इस दौरान जगरूप सिंह तेजां, गुरविन्द्र सिंह और परमिंदर सिंह सहित गांव के किसान नेताओं ने कहा कि हमारे गांवों में कई दिनों से मोटरों और घरों की बिजली सप्लाई लगातार कट रही है, इसलिए आज हमें मजबूर होकर रोड जाम करना पड़ा। उन्होंने कहा कि हमारे खेतों के हरे चारे के लिए एक घंटा भी बिजली नहीं दी जा रही और उन्हें अपने-अपने जनरेटर लगाकर पानी का प्रबंध करना पड़ रहा है, जिससे परेशान होकर आज उन्होंने रोड जाम किया।

किसानों ने पीएसपीसीएल के खिलाफ लगाए गए इस रोष धरने में क्रांतिकारी किसान यूनियन बुट्टर के ब्लॉक प्रधान सुखविंदर सिंह लाली और भारतीय किसान यूनियन शादिपुर के प्रधान बूटा सिंह ने विशेष रूप से शामिल होकर समर्थन दिया। क्रांतिकारी किसान यूनियन बुट्टर के ब्लॉक प्रधान लाली ने कहा कि गाँव तेजां, भट्टीयाँ, बहल के किसानों को पिछले 4-5 दिनों से बिजली नहीं मिल रही है, जिससे परेशान होकर किसानों ने यह रोष धरना लगाया। इस मौके पर गुरदीप सिंह, जगरूप सिंह, गुरविंदर सिंह, परमिन्द्र सिंह सहित अन्य किसान मौजूद थे।

धरने को देखते हुए विभाग के एसडीओ सनौर गुरपिन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे और किसानों को भरोसा दिलाया कि कल शाम 4 बजे तक किसानों की बिजली सप्लाई बहाल कर दी जाएगी। एसडीओ के भरोसे के बाद किसानों ने धरना स्थगित कर दिया। वहीं किसानों ने विभाग के जेई इंद्रपाल सिंह पर भी गुस्सा जताते हुए कहा कि उनका फोन कभी भी नहीं चलता, जिसे बदलने की मांग की गई। एसडीओ ने जेई को चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें किसानों के साथ सहयोग करके उनके मसलों का समाधान करना होगा। किसानों ने कहा कि गर्मी के मौसम में रात को लगातार हो रही कटौती को लेकर उन्हें भी भरोसा दिया गया है कि आगामी दिनों में किसी भी प्रकार की कटौती नहीं होगी। 

Sanaur News
Sanaur News: पटियाला-पिहोवा हाइवे पर गांव बहल में बिजली विभाग के खिलाफ धरना देते हुए किसान व आमजन। छाया राम स्वरूप पंजोला

About The Author

Related Posts