90 हजार पशुओं को बीमारी से बचाने का लक्ष्य, 15 दिन में 35 हजार से अधिक का हुआ टीकाकरण

मुंह-खुर और गलघोटू रोग के खिलाफ पशुपालन विभाग का बड़ा अभियान तेज

Sarvesh Kumar Picture
Published On

जाखल (सच कहूँ/तरसेम सिंह)। Jakhal News: पशुधन को खतरनाक बीमारियों से बचाने के लिए पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा बड़े स्तर पर विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने इस बार पूरे उपमंडल में करीब 90 हजार पशुओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया है। अभियान की शुरुआत 11 मई से की गई थी और अब तक 25 मई तक 35 हजार 187 पशुओं को टीके लगाए जा चुके हैं, जो कुल लक्ष्य का लगभग 39 प्रतिशत है। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि तय समय सीमा से पहले ही लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।

उप निदेशक डॉ. सुखविंद्र सिंह और उपमंडल अधिकारी राजेश मलिक के दिशा-निर्देशन में चल रहे इस अभियान के तहत गांव-गांव जाकर पशुओं का टीकाकरण किया जा रहा है। विभाग के चिकित्सकों और कर्मचारियों की टीमें लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर पशुपालकों को जागरूक भी कर रही हैं।

पशु चिकित्सकों के अनुसार मुंह-खुर और गलघोटू बीमारी पशुओं के लिए बेहद घातक मानी जाती है। इन बीमारियों की चपेट में आने से पशुओं की दूध उत्पादन क्षमता प्रभावित होती है और कई बार जान का खतरा भी बन जाता है। विभाग ने बताया कि पहले मुंह-खुर और गलघोटू के टीके अलग-अलग लगाए जाते थे, लेकिन अब आधुनिक तकनीक के तहत दोनों बीमारियों से बचाव के लिए एक ही संयुक्त टीका लगाया जा रहा है, जिससे पशुपालकों को भी काफी सुविधा मिल रही है।

मंगलवार को गांव उदयपुर में डॉ. सतीश कुमार पशु चिकित्सक जमालपुर शेखां की अगुवाई में विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित किया गया। अभियान में वीएलडीए प्रताप सिंह, चांदीराम, मनजीत सिंह सहित पशु परिचर राजेश कुमार, आत्मप्रकाश और चिरंजी लाल ने अहम भूमिका निभाई। विभाग ने पशुपालकों से अपील की है कि वे अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण करवाकर उन्हें गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखें।

Jakhal News

About The Author

Ad Ad

Related Posts