दबलैन माइनर पर फिल्मी अंदाज में पुलिस की रेड, व्यापारी से फिरौती मांगने वाले तीन बदमाश दबोचे

दबलैन माइनर पर फिल्मी अंदाज में पुलिस की रेड, व्यापारी से फिरौती मांगने वाले तीन बदमाश दबोचे

Sach Kahoon Picture
Published On
Narwana
Narwana: दबलैन माइनर पर फिल्मी अंदाज में पुलिस की रेड, व्यापारी से फिरौती मांगने वाले तीन बदमाश दबोचे

नरवाना, (राहुल) पुराना बाजार नरवाना के एक व्यापारी से फिरौती मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में मंगलवार को नरवाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन बदमाशों को काबू कर लिया। सीआईए स्टाफ नरवाना और थाना शहर पुलिस की संयुक्त टीम ने दबलैन माइनर पर घेराबंदी कर आरोपियों को दबोचा। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी पुलिस से बचने के लिए माइनर में कूद गया, लेकिन नीचे गिरते ही उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान हर्पित निवासी नरवाना हाल रोहिणी दिल्ली, अंकुश और अभिषेक उर्फ भूत निवासी गांव कोयल के रूप में हुई है। घायल आरोपी हर्पित को तुरंत सरकारी अस्पताल नरवाना में भर्ती करवाया गया।

डीएसपी कमलजीत राणा ने बताया कि 25 मई को पुराना बाजार के एक व्यापारी से आरोपियों ने फिरौती की मांग की थी। रकम न देने पर व्यापारी को जान से मारने की धमकी दी गई थी। शिकायत मिलने के बाद थाना शहर नरवाना में मामला दर्ज कर सीआईए टीमों को आरोपियों की तलाश में लगाया गया। आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहे थे, लेकिन मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दबलैन माइनर पर दबिश देकर तीनों को घेर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी हर्पित के चाचा नसीब का इसी व्यापारी के साथ पुराना विवाद चल रहा था और आगामी दिनों में मामले की गवाही भी होनी थी। पुलिस का मानना है कि व्यापारी पर दबाव बनाने के लिए आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य कड़ियों को भी खंगाला जा रहा है।

 गिरफ्तारी से बचने के लिए माइनर में कूदा आरोपी

पुलिस टीम ने जैसे ही दबलैन माइनर पर चारों तरफ से घेराबंदी की, मुख्य आरोपी हर्पित भागने लगा। खुद को घिरता देख उसने माइनर में छलांग लगा दी, लेकिन नीचे गिरते ही उसका पैर बुरी तरह टूट गया। घायल हालत में ही पुलिस ने आरोपी को काबू कर अस्पताल पहुंचाया।

About The Author

Ad Ad

Related Posts