1 किलो चांदी, सोना और 2 लाख नकदी ले गए चोर

बंद मकान का ताला तोड़ चोरी, सीसीटीवी में दो संदिग्ध दिखे

Manmohan Picture
Published On

हनुमानगढ़। भादरा कस्बे में बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात सामने आई है। चोर घर से करीब एक किलो चांदी, एक तोला सोना और दो लाख रुपए नकद चोरी कर ले गए। मामले में भादरा थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार कयूम खां पुत्र नियामत खां निवासी वार्ड नम्बर 9, बैद जी की बाड़ी, भादरा ने थाने में रिपोर्ट दी। Hanumangarh News

परिवादी ने बताया कि उसके बड़े भाई इमरान खां विदेश में रहते हैं और उनकी पत्नी व बच्चे भी बाहर गए हुए थे, जिससे घर बंद था। रिपोर्ट के मुताबिक 26 मई को तड़के करीब 2 बजे दो-तीन चोरों ने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और करीब एक किलो चांदी, एक तोला सोना तथा दो लाख रुपए नकद चोरी कर लिए। सुबह परिवादी ने घर का ताला टूटा हुआ देखा। अंदर जाने पर सामान बिखरा पड़ा था तथा जेवरात की अलमारी का ताला भी टूटा मिला।

परिवादी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज देखने पर दो व्यक्ति दिखाई दिए, जिनमें से एक की पहचान उसने सोहेल के रूप में होने का दावा किया है। उसने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई कर चोरी गया माल बरामद करवाने की मांग की। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच एएसआई राजपाल सिंह को सौंपी है। Hanumangarh New

About The Author

Related Posts