पानी-बिजली की मांग पर उबाल: चैनत गांव का धरना सातवें दिन पहुंचा, रोड जाम की चेतावनी के बाद प्रशासन हरकत में

महिलाओं ने सड़क पर फोड़े मटके, 25 मई तक समाधान नहीं हुआ तो खुद जोड़ेंगे पाइपलाइन कनेक्शन

Sarvesh Kumar Picture
Published On

हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। Hansi News: हांसी के नजदीकी गांव चैनत में बिजली और पेयजल की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना शुक्रवार को सातवें दिन में प्रवेश कर गया। लगातार छह दिनों से धरने पर बैठे ग्रामीणों ने शुक्रवार को हांसी-बरवाला रोड जाम करने का ऐलान किया, जिसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। स्थिति को संभालने के लिए एसडीएम राजेश खोथ, डीएसपी रविंद्र सांगवान, पीडब्ल्यूडी और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।

धरने के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं भी शामिल रहीं। महिलाओं ने हांसी-बरवाला रोड पर मटके फोड़कर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और अपनी नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से गांव में बिजली और पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है, लेकिन प्रशासन और संबंधित विभाग उनकी मांगों को लगातार नजरअंदाज कर रहे हैं।

मौके पर पहुंचे एसडीएम राजेश खोथ ने ग्रामीणों से कहा कि रोड जाम करने से आम जनता को परेशानी होगी और समाधान निकलना मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों को पांच सदस्यीय कमेटी बनाने का सुझाव दिया ताकि उनकी मुलाकात विभाग के उच्च अधिकारियों से करवाई जा सके और उनकी समस्याओं को विस्तार से रखा जा सके। एसडीएम के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने फिलहाल रोड जाम का फैसला वापस ले लिया।

गांव के सरपंच हिमांशु ने बताया कि लगातार धरना देने के बावजूद जब कोई समाधान नहीं निकला तो ग्रामीणों ने मजबूरी में रोड जाम करने का निर्णय लिया था। हालांकि अधिकारियों के आश्वासन के बाद फिलहाल इसे स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण शुक्रवार शाम तक आपसी सहमति से पांच सदस्यीय कमेटी का गठन करेंगे, जो उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर गांव की समस्याओं को मजबूती से उठाएगी।

वहीं गांव निवासी अनूप सिंह ने कहा कि जिस पाइपलाइन से शहर के लोग पानी पी रहे हैं, उस पर ग्रामीणों का भी बराबर का हक है। उन्होंने प्रशासन को 25 मई तक का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि तब तक गांव के लिए आने वाली पाइपलाइन का टेंडर जारी नहीं किया गया तो ग्रामीण खुद अपने स्तर पर पाइपलाइन से कनेक्शन जोड़ने को मजबूर होंगे।

धरने में बड़ी संख्या में किसान नेता, ग्रामीण पुरुष और महिलाएं शामिल रहे। रोड जाम की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर भारी पुलिस बल भी तैनात किया हुआ था।

इस दौरान पब्लिक हेल्थ विभाग के एक्सईएन संजीव त्यागी ने भी ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जल्दी ही उनकी समस्या के समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Hansi News

About The Author

Related Posts