Punjab

हांसी की पहली ग्रीवेंस कमेटी बैठक में नशा, फैमिली आईडी और अवैध कब्जों के मुद्दे छाए; 10 में से 7 शिकायतों का मौके पर निपटारा

शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने अधिकारियों को लगाई फटकार, तीन शिकायतें रखीं पेंडिंग

Sarvesh Kumar Picture
Published On

हांसी (सच कहूँ/मुकेश)। Hansi News: जिला बनने के बाद हांसी में पहली बार ग्रीवेंस कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने की। इस दौरान हांसी विधायक विनोद भयाना, नारनौंद विधायक जस्सी पेटवाड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में कुल 10 शिकायतें रखी गईं, जिनमें से 7 का मौके पर समाधान कर दिया गया, जबकि 3 शिकायतों को पेंडिंग रखते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

स्कूल के पास नशा बिकने का मुद्दा गूंजा

बैठक की पहली शिकायत गांव भाटोल के सरपंच ने रखी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाटोल जाटान, भाटोल रंगड़ान, खरकड़ा और जीतपुरा के बच्चों के पढ़ने वाले स्कूल के नजदीक खुलेआम नशा बेचा जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में पहले भी पुलिस को शिकायत दी जा चुकी है।

इस पर डीएसपी रविंद्र सांगवान ने बताया कि पुलिस ने कई बार सुबह चार बजे डॉग स्क्वायड और भारी पुलिस बल के साथ सर्च अभियान चलाया था, जिसमें 63 किलो अवैध नशीले पदार्थों से संबंधित मामला दर्ज किया गया। जिस महिला के खिलाफ शिकायत दी गई है, उसके खिलाफ पहले भी मुकदमे दर्ज हैं और अब एक और मामला दर्ज किया जा रहा है। 

मंत्री महिपाल ढांडा ने सरपंच की सराहना करते हुए कहा कि वह जान जोखिम में डालकर आरोपियों के नाम पुलिस को दे रहा है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में और अधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए तथा शिकायत को पेंडिंग रखते हुए अगली बैठक में रिपोर्ट पेश करने को कहा। दूसरी शिकायत में फरियादी नहीं पहुंचा, वह मामला दर्ज करवाना चाहता था जिसे पुलिस ने दर्ज कर लिया।

कोर्ट में लंबित मामले पर मंत्री ने दिए निर्देश

तीसरी शिकायत शहीद निशांत मलिक के माता-पिता जयवीर मलिक और राजबाला की थी। उन्होंने पारिवारिक विवाद और पुलिस थाने में कथित मारपीट के मामले में कार्रवाई नहीं होने की शिकायत रखी। डीएसपी ने बताया कि मामला पहले से न्यायालय में विचाराधीन है तथा थाने में हुई घटना के संबंध में शिकायत के अनुसार कार्रवाई की जा चुकी है।

इस पर मंत्री ने निर्देश दिए कि किसी भी सूरत में शहीद के माता-पिता को परेशान नहीं किया जाए और आरोपियों को सख्त चेतावनी दी जाए।

विकास कार्यों से जुड़ी शिकायतों पर भी हुई सुनवाई

फरियादी रामस्वरूप द्वारा पीडब्ल्यूडी विभाग से संबंधित शिकायत पर अधिकारियों ने बताया कि सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से का निर्माण पूरा कर दिया गया है। इसके बाद शिकायत को ड्रॉप कर दिया गया।

ढाणी पुरिया की शिकायत में ग्राम पंचायत ने पानी की ब्रांच और डिस्पोजल की समस्या उठाई। अधिकारियों ने बताया कि सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है तथा डिस्पोजल के लिए भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है। मंत्री ने एक माह में कार्य पूरा करने के निर्देश देते हुए शिकायत को पेंडिंग रखा।

ग्राम पंचायत घिराय की पीने के पानी संबंधी शिकायत पर अधिकारियों ने बताया कि पुरानी क्षतिग्रस्त लाइन की मरम्मत कर दी गई है और टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी होगी। मंत्री ने अधिकारियों को एक सप्ताह में काम पूरा करने और संतुष्टि पत्र लेने के निर्देश दिए।

मंत्री बोले – मेरे आने का पता चल गया, इसलिए काम हो गया

ढाणी मेहंदा की वर्षों पुरानी बिजली लाइन की शिकायत पर विभाग ने बताया कि घर के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट लाइन हटा दी गई है। यह शिकायत वर्ष 2021 से लंबित थी।

इस पर मंत्री महिपाल ढांडा ने अधिकारियों पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें मंत्री के आने का पता चल गया, इसलिए काम हो गया, नहीं तो आज अधिकारियों की जवाबदेही तय करनी पड़ती।

घनश्याम दास की शिकायत में प्लॉट के कोने पर लगे बिजली पोल को हटाकर समस्या का समाधान कर दिया गया। वहीं एक अन्य शिकायत में जन्म प्रमाण पत्र में नाम की गलत स्पेलिंग को ठीक कर दिया गया। बादशाहपुर निवासी सतवंती की पेंशन भी विभाग द्वारा शुरू कर दी गई।

फैमिली आईडी की शिकायतों पर विधायक ने उठाई आवाज

बैठक के दौरान फसल क्लेम, जमीन पर अवैध कब्जे, प्रॉपर्टी आईडी, फैमिली आईडी में नाम जुड़ने-हटने जैसी कई शिकायतें भी सामने आईं।

नारनौंद विधायक जस्सी पेटवाड़ ने कहा कि फैमिली आईडी से संबंधित शिकायतें सबसे अधिक हैं। उन्होंने सरकार से एडीसी को पहले की तरह अधिकार देने की मांग की ताकि लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।

मंत्री के सामने रो पड़ा किसान

बैठक के दौरान एक भावुक दृश्य भी देखने को मिला। गुराना निवासी सुरेंद्र नामक किसान अपनी समस्या के समाधान न होने पर मंत्री के सामने रो पड़ा। किसान ने बताया कि उसने आसपास के किसानों से खरीदकर बड़ी मात्रा में पराली एकत्रित की थी, लेकिन किसी ने रंजिश के चलते उसमें आग लगा दी, जिससे उसे करीब 60 लाख रुपये का नुकसान हुआ।

जिला परिषद अध्यक्ष सोनू दत्ता ने भी किसान की पैरवी की। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच करवाई गई थी, लेकिन कोई ठोस तथ्य सामने नहीं आया।

इस पर किसान ने रोते हुए कहा कि उसने पुलिस को सबूत और गवाह भी दिए हैं, लेकिन फिर भी कार्रवाई नहीं हो रही। मंत्री महिपाल ढांडा ने एसपी को मामले की दोबारा जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।

पत्रकारों से बोले मंत्री, विधायक से पूछिए स्कूल की डबल शिफ्ट का सवाल

बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री महिपाल ढांडा ने जिला बनने के बाद हांसी में पहली ग्रीवेंस कमेटी बैठक होने पर लोगों को बधाई दी।

जब लाल सड़क स्थित राजकीय कन्या विद्यालय में डबल शिफ्ट की समस्या को लेकर सवाल पूछा गया तो मंत्री ने कहा कि यह सवाल संबंधित विधायक से पूछा जाना चाहिए। सरकार को जो प्रस्ताव मिले थे, उन पर कार्रवाई की जा चुकी है।

पर्यावरण दिवस पर लगाए 105 पौधे

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मंत्री महिपाल ढांडा, विधायक विनोद भयाना और अन्य अधिकारियों ने गीता चौक के निकट 105 पौधे लगाए। इसके अलावा एस महिला महाविद्यालय परिसर में त्रिवेणी भी रोपी गई। इस अवसर पर एसडीएम राजेश खोथ और कॉलेज प्राचार्य सुरेश गुप्ता सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे।

Hansi News

About The Author

Related Posts