Punjab
नेशनल हाइवे पर कार की चपेट में आया हेड कांस्टेबल, पैर टूटा
रात्रि गश्त के दौरान ऐरटी कट के निकट हुआ हादसा, औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी कण्डेला पर तैनात है घायल सिपाही
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: नेशनल हाइवे पर रात्रि गश्त के दौरान औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी पर तैनात मुख्य आरक्षी पवन कुमार तेज रफ्तार अज्ञात कार की चपेट में आकर गम्भीर रूप से घायल हो गया। हादसे में सिपाही का पैर दो-तीन जगह से टूट गया। घायल सिपाही को उपचार हेतु हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है।
औद्योगिक क्षेत्र पुलिस चौकी कण्डेला पर तैनात हेड कांस्टेबल पवन कुमार बुधवार रात्रि साथी पुलिसकर्मी पूरण के साथ में नेशनल हाइवे-709एड़ी पर बाइक से गश्त कर रहे थे। रात्रि करीब एक बजे वह ऐरटी कट से करीब पांच सौ मीटर आगे पूर्वी यमुना नहर पुल की ओर सड़क किनारे खड़े कार सवार युवकों से पूछताछ कर रहे थे। इसी दौरान कैराना की ओर से आई तेज रफ्तार अज्ञात कार ने युवकों से पूछताछ कर रहे हेड कांस्टेबल पवन को अपनी चपेट में ले लिया। कार के पिछले टायर की चपेट में आकर उनका लेफ्ट पैर फ्रैक्चर हो गया।
हादसे में सिपाही की बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि पीछे बैठा साथी पुलिसकर्मी बाल-बाल बचा। दुर्घटना के बाद आरोपी चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त कार की लाइट बंद थी। मामले की सूचना पर चौकी प्रभारी एसआई बिजेन्द्र सिंह व हेड कांस्टेबल हरिओम मौके पर पहुंचे तथा घायल पुलिसकर्मी को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने हादसे में घायल पवन कुमार को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वहीं, पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।
हादसे से पहले की थी बाइक सवार राहगीरों की सहायता
बुधवार रात्रि करीब साढ़े बारह बजे गश्त के दौरान नेशनल हाइवे-709एड़ी पर स्थित मन्नामाजरा रजबाहे की पुलिया के निकट मुख्य आरक्षी पवन कुमार व आरक्षी पूरण को एक व्यक्ति अपनी पत्नी व बच्चे के साथ में बाइक को पैदल खींचकर ले जाते हुए मिला। जानकारी करने पर व्यक्ति ने पुलिसकर्मियों को बताया कि वह पानीपत का निवासी है और हरिद्वार में गंगा स्नान के बाद घर वापिस लौट रहा है। इसी दौरान कुछ दूर पहले ही बाइक का ईंधन खत्म हो गया। इस पर हेड कांस्टेबल पवन कुमार ने मानवता का परिचय देते हुए साथी पुलिसकर्मी पूरण को बाइक खींच रहे राहगीरों के पास छोड़ा तथा स्वयं पेट्रोल पंप पर पहुंचकर बाइक के लिए तेल लेकर आये। राहगीरों ने पुलिसकर्मियों के सहयोग के लिए मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।
